
Milky Mist Dairy Food IPO: भारतीय शेयर बाजार में आज यानी 11 अगस्त 2026 से एक बड़ा आईपीओ दस्तक दे चुका है। डेयरी प्रोडक्ट्स बनाने वाली जानी-मानी कंपनी मिल्की मिस्ट डेयरी फूड (Milky Mist Dairy Food) का आईपीओ निवेशकों के लिए खुल गया है। 13 अगस्त तक चलने वाले इस 1,553 करोड़ रुपये के आईपीओ को लेकर ग्रे मार्केट में काफी हलचल देखने को मिल रही है। कंपनी का ग्रे मार्केट प्रीमियम (GMP) फिलहाल अपर प्राइस बैंड से करीब 15% ऊपर ट्रेड कर रहा है। आइए जानते हैं कि इस पब्लिक इश्यू में पैसा लगाना फायदेमंद है या नहीं?
कंपनी ने आईपीओ के लिए 133 रुपये से 140 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया है। एक लॉट में 107 शेयर शामिल हैं, जिसके लिए रिटेल निवेशकों को कम से कम 14,980 रुपये का निवेश करना होगा। इस 1,553 करोड़ रुपये के बुक-बिल्ट इश्यू में 1,428 करोड़ रुपये के फ्रेश शेयर जारी किए जा रहे हैं, जबकि 125 करोड़ रुपये का ऑफर फॉर सेल (OFS) रखा गया है। इसके अलावा, कंपनी ने एंकर इन्वेस्टर्स से पहले ही 465.29 करोड़ रुपये जुटा लिए हैं। टाइमलाइन की बात करें, तो 14 अगस्त को शेयरों का अलॉटमेंट तय होगा, जबकि 18 अगस्त को BSE और NSE पर इसकी लिस्टिंग होने की संभावना है।
कंपनी की फाइनेंशियल प्रदर्शन काफी शानदार रहा है। फाइनेंशियल ईयर 2026 में कंपनी की कुल कमाई 34% बढ़कर 3,145.01 करोड़ रुपये पर पहुंच गई, जबकि पिछले साल 2,354.79 करोड़ रुपये थी। वहीं, कंपनी का नेट प्रॉफिट (PAT) 176% की बढ़त के साथ 127.01 करोड़ रुपये हो गया। कंपनी इस नए फंड का इस्तेमाल मुख्य रूप से अपने कर्ज को कम करने और पेरुंदुरई स्थित अपने मैन्युफैक्चरिंग प्लांट के विस्तार में करेगी। इसके साथ ही, फ्रीजर और कूलिंग इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने में भी एक बड़ा हिस्सा खर्च किया जाएगा, जिससे देशभर में इसकी सप्लाई चेन और मजबूत हो सके।
आनंद राठी की रिसर्च रिपोर्ट के मुताबिक, 140 रुपये के अपर प्राइस बैंड पर मिल्की मिस्ट का वैल्यूएशन 84.9x P/E मल्टीपल पर आता है। मार्केट एनालिस्ट्स का मानना है कि प्रीमियम ब्रांडिंग और तेजी से बढ़ते डेयरी मार्केट में दबदबे के कारण कंपनी का वैल्यूएशन थोड़ा महंगा यानी फुली वैल्यूड दिखता है। हालांकि, मजबूत रेवेन्यू ग्रोथ और बिजनेस मॉडल को देखते हुए एक्सपर्ट्स ने इसे लॉन्ग टर्म के लिए सबस्क्राइब करने की सलाह दी है।
Disclaimer: यह आर्टिकल सिर्फ जानकारी के लिए है। हम निवेशकों को सलाह देते हैं कि निवेश संबंधी कोई फैसला लेने से पहले प्रमाणित विशेषज्ञ से सलाह लें, क्योंकि बाजार की स्थितियां तेजी से बदल सकती हैं और हालात अलग-अलग हो सकते हैं। मिंट हिंदी आपके किसी भी निर्णय और उसके परिणाम के लिए तनिक भी जिम्मेदार नहीं है।
Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.
Oops! Looks like you have exceeded the limit to bookmark the image. Remove some to bookmark this image.