Milky Mist Share Price: डेयरी प्रोडक्ट्स बनाने वाली मशहूर कंपनी मिल्की मिस्ट डेयरी फूड (Milky Mist Dairy Food) के शेयरों ने मंगलवार, 18 अगस्त को शेयर बाजार में शानदार शुरुआत की। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) और बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर कंपनी के शेयर 17.86 प्रतिशत प्रीमियम के साथ ₹165 प्रति शेयर पर लिस्ट हुए। वहीं, आईपीओ में इस शेयर का इश्यू प्राइस ₹140 तय किया गया था।
हर लॉट पर कितना मिला मुनाफा?
अगर आपने इस आईपीओ में दांव लगाया था और आपको शेयर अलॉट हुए थे, तो पहले ही दिन आपकी जेब में अच्छा रिटर्न आया है। खुदरा निवेशकों के लिए एक लॉट में 107 शेयर रखे गए थे, जिसकी कुल लागत ₹14,980 थी। NSE पर ₹165 की लिस्टिंग के साथ ही इस एक लॉट की कुल कीमत बढ़कर ₹17,655 हो गई। यानी, निवेशकों को हर लॉट पर ₹2,675 का शुद्ध मुनाफा हुआ।
56 गुना से ज्यादा हुआ था सब्सक्राइब
मिल्की मिस्ट के इस पब्लिक इश्यू को लेकर बाजार में शुरुआत से ही भारी उत्साह देखा गया। एनएसई के आंकड़ों के अनुसार, कुल 8,17,98,244 शेयरों की पेशकश के मुकाबले 4,59,04,22,836 शेयरों के लिए बोलियां हासिल हुईं। यानी, यह आईपीओ कुल 56.12 गुना सब्सक्राइब हुआ। इस ₹1,553 करोड़ के आईपीओ में ₹1,428 करोड़ के नए शेयर जारी किए गए हैं, जबकि कंपनी के प्रमोटर अनिता एस और सतीशकुमार टी ने ₹125 करोड़ की हिस्सेदारी ऑफर-फॉर-सेल (OFS) के तहत बेची है। आईपीओ खुलने से पहले ही कंपनी ने बड़े एंकर निवेशकों-जैसे एचडीएफसी एमएफ, आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल एमएफ, निप्पॉन इंडिया एमएफ और आईएफसी से ₹465.30 करोड़ जुटा लिए थे।
कहां खर्च होगा आईपीओ से मिला पैसा
बता दें कि तमिलनाडु से शुरू हुई मिल्की मिस्ट आज पनीर, दही, चीज, मक्खन, आइसक्रीम और घी जैसे प्रीमियम डेयरी उत्पादों के लिए जानी जाती है। कंपनी इस नए फंड का इस्तेमाल अपने प्रोडक्शन प्लांट्स के आधुनिकीकरण, कोल्ड-चेन नेटवर्क को मजबूत करने और पुराने कर्जों को चुकाने में करेगी। इसके अलावा, कंपनी व्हे प्रोटीन कंसंट्रेट, योगर्ट और क्रीम चीज के नए प्लांट्स स्थापित करने के साथ-साथ चॉकलेट कूलर्स और आइसक्रीम फ्रीजर्स लगाने की योजना पर काम कर रही है। शेष राशि का इस्तेमाल कंपनी के सामान्य कामकाजी जरूरतों के लिए किया जाएगा।