Monday Share Market Prediction: भारतीय शेयर बाजार के लिए पिछला सप्ताह बीते पांच वर्षों में सबसे शानदार रहा। भारी उतार-चढ़ाव के बावजूद बाजार ने जबरदस्त मजबूती दिखाई। निफ्टी 50 इंडेक्स में 1,337 अंकों यानी लगभग 6% की भारी बढ़त दर्ज की गई, जिससे ये 24,050 के स्तर पर पहुंच गया। इसी तरह, सेंसेक्स 4,231 अंक उछलकर 77,550 पर और बैंक निफ्टी 4,364 अंकों की तेजी के साथ 55,912 के स्तर पर बंद हुआ।
शेयर बाजार में आई इस हरियाली के पीछे मुख्य कारण अमेरिका और ईरान के बीच सीजफायर है। सीजफायर की वजह से कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट आई। कच्चे तेल का सस्ता होना भारतीय अर्थव्यवस्था और उभरते बाजारों के लिए वरदान साबित हुआ। इसके अलावा,घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) की निरंतर खरीदारी की वजह से भारतीय शेयर बाजार रॉकेट बना है।
सोमवार को कैसा रहेगा मार्केट?
चॉइस ब्रोकिंग के कार्यकारी निदेशक सुमीत बगड़िया के अनुसार, सोमवार को शेयर बाजार ग्रीन में खुलने वाला है। उन्होंने बताया कि 'इंडिया विक्स' (India VIX) इंडेक्स 19 के नीचे गिरकर 18.85 पर आ गया है, जो बाजार में स्थिरता का संकेत दे रहा है। इसके अलावा उन्होंने सोमवार के कुछ शेयर भी सजेस्ट किए हैं।
सपोर्ट-रेजिस्टेंस लेवल
निफ्टी और बैंक निफ्टी दोनों ही इंडेक्स में सकारात्मक रुझान बना हुआ है। निफ्टी को 23,750–23,800 पर मजबूत सहारा मिल रहा है, जबकि 24,200–24,250 पर रुकावट है। इसी तरह बैंक निफ्टी के लिए 55,500–55,600 का स्तर सपोर्ट का काम कर रहा है और 56,250–56,400 पर रेजिस्टेंस दिख रहा है।