Muhurat trading 2025: शेयर बाजार में दिवाली के दिन यानी सोमवार को जोरदार रैली देखी गई। निवेशक उत्साहित दिखे और सबसे ज्यादा सरकारी बैंकों के शेयरों में खरीदारी देखी गई। इसके बाद आईटी सेक्टर के शेयरों में भी जोरदार तेजी रही। लेकिन, बहुत सारे लोगों के मन में एक सवाल उठ रहा है कि दिवाली तो बीत गई। क्या इस बार दिवाली के अवसर पर मूहुर्त ट्रेडिंग सेशन का आयोजन नहीं होगा?
कब है मुहूर्त ट्रेडिंग सेशन?
इस बार दिवाली के अवसर पर हर साल होने वाले स्पेशल ट्रेडिंग सेशन मंगलवार, 21 अक्टूबर को आयोजित किया गया है। लेकिन इस बार मूहुर्त ट्रेडिंग सेशन रात की बजाय दिन में आयोजित किया जाएगा। इस बदलाव कई सालों बाद किया गया है। आमतौर पर हर साल रात में ही स्पेशल ट्रेडिंग सेशन आयोजित किया जाता था। इस बार भी स्पेशल ट्रेडिंग सेशन पर जोरदार रौनक की उम्मीद जताई जा रही है।
मुहूर्त ट्रेडिंग सेशन की टाइमिंग
बता दें कि मंगलवार को शेयर बाजार 1 घंटे के लिए खुलेगा। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) पर इस बार दोपहर में मुहूर्त ट्रेडिंग होगी। बाजार 1:30 बजे प्री-ओपन होगा। वहीं, 1:45 पर शेयर मार्केट खुलेगा, जबकि 2:45 बजे बंद होगा। NSE और BSE ने साफ किया है कि मुहूर्त सत्र के दौरान किए गए सभी सौदों पर नियमित निपटान दायित्व लागू होंगे।
दिवाली पर सेंसेक्स निफ्टी ने बनाया नया 52 वीक हाई
गौरतलब है कि दिवाली के दिन शेयर बाजार में निवेशकों का उत्साह देखा गया। सेंसेक्स दिन के कारोबार के दौरान 700 अंक तक उछल गया था, जबकि निफ्टी 50 इंडेक्स 25,926 पर इंट्राडे हाई बनाया। दोनों इंडेक्सों ने 52 सप्ताह का नया रिकॉर्ड भी बनाया। ये तेजी निवेशकों के लिए दीवाली का तोहफे जैसी थी। लेकिन जो लोग मुहूर्त ट्रेडिंग का इंतजार कर रहे हैं, उन्हें एक दिन और रुकना होगा।