सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन यानी शुक्रवार को शेयर बाजार में दबाव के बीच टाटा ग्रुप के लाइफस्टाइल ब्रांड टाइटन कंपनी लिमिटेड (Titan Company Ltd) के शेयर 52 सप्ताह के उच्चतम स्तर पर पहुंच गए। शुक्रवार, 26 दिसंबर को टाइटन कंपनी के शेयर 2 प्रतिशत से ज्यादा की बढ़ोतरी के साथ 4,006.90 के लेवल पर पहुंच गए। शेयरों में यह तेजी सोने-चांदी की रिकॉर्ड कीमतें और कंपनी की तरफ से 'लैब-ग्रोन डायमंड' (LGD) सेगमेंट में कदम रखने के ऐलान की वजह से आई है।
मुंबई में खुलेगा पहला स्टोर
कंपनी शुक्रवार को एक्सचेंज फाइलिंग में बताया कि वह बीयोन - फ्रॉम दि हाउस ऑफ टाइटन के ब्रांड नाम से 29 दिसंबर को मुंबई में अपना पहला स्टोर शुरू करेगी। यह घड़ियों, पर्फ्यूम, साड़ी और हैंगबैस से परे महिलाओं की लाइफस्टाइल जरूरतों को पूरा करने के मकसद से शुरू किया जा रहा है। बीयोन लैब में बने हीरों के गहनों का स्टोर होगा। कंपनी की योजना निकट भविष्य में मुंबई और दिल्ली में कुछ और स्टोर खोलने की है।
इस स्तर पर शुरू हुआ कामकाज
आज सुबह टाइटन कंपनी के शेयर 3,908.90 रुपये के भाव पर खुले और कुछ ही देर में 2.21 प्रतिशत की बढ़त के साथ 4,006.90 रुपये के रिकॉर्ड लेवल पर पहुंच गए। इस तेजी की वजह से कंपनी का बाजार पूंजीकरण 3.54 लाख करोड़ हो गया। मौजूदा समय में टाइटन का प्राइस टू अर्निंग (P/E) रेश्यो 85.86 है।
टाइटन कंपनी शेयर प्रदर्शन
बता दें कि कंपनी ने पिछले एक महीने के दौरान 2 प्रतिशत से ज्यादा की बढ़त हासिल किए हैं, जबकि 6 महीने के दौरान लगभग 8 प्रतिशत की ग्रोथ दर्ज की है। वहीं, इस साल यानी 2025 में अब तक 22 प्रतिशत से ज्यादा का उछाल आया है, जबकि पिछले एक वर्ष की अवधि में 20 फीसदी की तेजी दर्ज की गई है। अगर लॉन्ग टर्म की बात करें, तो पिछले पांच वर्षों में टाइटन कंपनी लिमिटेड के शेयर 165 प्रतिशत से अधिक का मल्टीबैगर रिटर्न दिए हैं।
डिस्क्लेमर: यह आर्टिकल केवल जानकारी के लिए है। ऊपर दिए गए विचार और सिफारिशें, व्यक्तिगत विश्लेषकों या ब्रोकिंग कंपनियों के हैं, न कि मिंट के। हम निवेशकों को सलाह देते हैं कि वे कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले प्रमाणित विशेषज्ञों से जांच करें।