India Defence Stocks: 32 सदस्य देशों के समूह उत्तरी अटलांटिक संधि संगठन (NATO) ने अपने रक्षा खर्च बजट को बढ़ाने का फैसला लिया है। जिसके बाद डिफेंस सेक्टर के शेयरों में उछाल देखने को मिला है। यह तेजी रक्षा खर्च पर बजट बढ़ोतरी से ज्यादा एक्सपोर्ट ऑर्डर मिलने की उम्मीद की वजह से आई है। गुरुवार को डाटा पैटर्न (इंडिया), अस्ट्रा माइक्रोवेब प्रोडक्ट्स, हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL), भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (BEL) और जेन टेक्नोलॉजीज सहित अन्य डिफेंस सेक्टर के शेयरों में तेजी 4 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी देखने को मिली है। वहीं, डिफेंस स्टॉक में उछाल की वजह से गुरुवार को निफ्टी इंडिया डिफेंस इंडेक्स भी 1.5 प्रतिशत चढ़ गया। आज के कारोबार में डिफेंस इंडेक्स के सभी स्टॉक हरे निशान में कारोबार कर रहे हैं।
GDP का 5% डिफेंस पर खर्च करेंगे NATO देश
द हेग में हुई समिट के दौरान NATO सदस्य देशों के नेताओं ने सामूहिक रक्षा के लिए अपनी अडिग प्रतिबद्धता दिखाई है। उन्होंने साल 20235 तक अपने देश की GDP का हर साल 5 प्रतिशत रक्षा और सुरक्षा से जुड़े सेक्टर में खर्च करने का निर्णय लिया है। इसमें बजट का 3.5 प्रतिशत हिस्सा डिफेंस सेक्टर में खर्च किया जाएगा, जबकि बाकी का 1.5 फीसदी महत्वपूर्ण इन्फ्रास्ट्रकचर के सुरक्षा में किया जाएगा।
भारतीय डिफेंस कंपनियों की चांदी!
NATO सदस्य देशों के इस फैसले से भारतीय डिफेंस कंपनियों को फायदा होने की उम्मीद है। जानकारों का कहना है कि इस कदम से भारतीय डिफेंस मैन्युफैक्चरर्स को ज्यादा एक्सपोर्ट ऑर्डर मिलेंगे। मेहता इक्विटी लिमिटेड में रिसर्च एनालिस्ट प्रशांत तापसे ने कहा, अगर NATO सदस्य डिफेंस खर्च के लिए जीडीपी के 5 प्रतिशत तक बढ़ाते हैं, तो यह वैश्विक खरीद गतिशीलता को महत्वपूर्ण रूप से बदल सकता है। डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग और एक्सपोर्ट का तेजी से विस्तार कर रहे भारत के लिए यह बदलाव वाणिज्यिक मौका और रणनीतिक निहितार्थ दोनों पेश करता है।
डिस्क्लेमर: ऊपर दिए गए विचार और सुझाव व्यक्तिगत विश्लेषकों या ब्रोकिंग कंपनियों के हैं, न कि मिंट के। हम निवेशकों को सलाह देते हैं कि वे कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले प्रमाणित विशेषज्ञों से जांच करें।