Stock Market Holiday on 3 April 2026: आज देश भर में गुड फ्राइडे (Good Friday) का सार्वजनिक अवकाश है। स्कूल-कॉलेज से लेकर सभी निजी और सरकारी दफ्तरों में छुट्टी है। ऐसे में शेयर बाजार के निवेशक और ट्रेडर्स यह जानना चाहते हैं कि क्या आज नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) और बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर कामकाज होगा या छुट्टी रहेगी? आज, 3 अप्रैल को गुड फ्राइडे का सार्वजनिक अवकाश होने के कारण शेयर बाजार पूरी तरह बंद रहेंगे। यह इस सप्ताह की दूसरी छुट्टी है। इससे पहले, मंगलवार, 31 मार्च को भी महावीर जयंती के मौके पर NSE और BSE पूरी तरह बंद थे। एक ही सप्ताह में दो-दो छुट्टियों के पड़ने से ट्रेडिंग वॉल्यूम और मार्केट की लिक्विडिटी प्रभावित हो सकती है।
MCX भी पूरी तरह रहेगा बंद?
आज इक्विटी मार्केट बंद होने के साथ-साथ कमोडिटी बाजार भी प्रभावित होगा। मल्टी-कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) भी गुड फ्राइडे के मौके पर सुबह और शाम दोनों सत्रों के लिए बंद रहेगा। इससे पहले, 31 मार्च को MCX में आंशिक छुट्टी थी। इस दौरान, सुबह का सत्र बंद रहने के बाद शाम को ट्रेडिंग की अनुमति दी गई थी, लेकिन आज दोनों सत्र बंद रहेंगे।
क्या आज बैंक बंद रहेंगे? (Bank Holiday on Good Friday 3 April 2026)
इसके साथ ही, आम आदमी के बैंकिंग से जुड़े कामों पर भी आज ब्रेक लग गया है। देश के ज्यादातर बड़े शहरों में आज बैंक बंद रहेंगे। हालांकि, अगर आप अगरतला, गुवाहाटी, जयपुर, जम्मू या श्रीनगर में रहते हैं, तो वहां बैंक सामान्य रूप से कार्य करेंगे। कोच्चि और तिरुवनंतपुरम में बीते कल यानी 2 अप्रैल को ही मोंडी थर्सडे के कारण बैंक बंद थे।
अप्रैल में एक और छुट्टी
बता दें कि अप्रैल महीने में एक और छुट्टी पड़ने वाली है। मंगलवार, 14 अप्रैल को डॉ. बाबा साहेब अंबेडकर जयंती के अवसर पर देश के दोनों मुख्य स्टॉक एक्सचेंज बंद रहेंगे। भारतीय संविधान के शिल्पकार और महान समाज सुधारक डॉ. बी.आर. अंबेडकर के सम्मान में इस दिन सभी व्यापारिक गतिविधियां स्थगित रहेंगी। इसके बाद मई के महीने में भी बाजार में अवकाश रहेगा। 1 मई, शुक्रवार को महाराष्ट्र दिवस के मौके पर बाजार बंद रहेगा, जबकि 28 मई, गुरुवार को बकरीद के चलते बाजार में छुट्टियां घोषित की गई हैं। वहीं, 26 जून, शुक्रवार को मुहर्रम के कारण बाजार में कोई कामकाज नहीं होगा।