NSE Gold 10 Grams Futures: देश का प्रमुख स्टॉक एक्सचेंज, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) ने कमोडिटी डेरिवेटिव्स सेगमेंट में बड़ा कदम उठाया है। स्टॉक एक्सचेंज ने 10 ग्राम गोल्ड फ्यूचर्स कॉन्ट्रैक्ट पेश किया है। यह नया कॉन्ट्रैक्ट सोमवार, 16 मार्च से शुरू हो चुका है। बाजार नियामक सेबी (SEBI) से जरूरी मंजूरी मिलने के बाद कमोडिटी सेगमेंट में 10 ग्राम की ट्रेडिंग यूनिट प्रभावी की है। इस नए कॉन्ट्रैक्ट को 'GOLD10G' सिंबल दिया गया है। इस नए सिस्टम की सबसे बड़ी खासियत ट्रेडिंग पीरिएड और शुद्धता के कड़े स्टैंडर्ड हैं।
क्या है ट्रेडिंग टाइम?
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) के मुताबिक, ट्रेडिंग का समय सोमवार से शुक्रवार तक सुबह 9:00 बजे से शुरू होकर रात 11:30 या 11:55 बजे तक रहेगा। समय का यह थोड़ा सा बदलाव अमेरिकी डेलाइट सेविंग टाइम के आधार पर तय किया जाएगा। अगर हम शुद्धता की बात करें, तो डिलीवरी के लिए 999 शुद्धता वाला सोना अनिवार्य किया गया है। यह सोना केवल एलबीएमए (LBMA) की तरफ अप्रूव्ड सप्लायर या NSE से मान्यता प्राप्त वेंडरों से ही लिया जाएगा, जिस पर सीरियल नंबर और गुणवत्ता प्रमाण पत्र होना जरूरी है।
अचानक उतार-चढ़ाव के लिए भी पुख्ता इंतजाम
बता दें कि मार्केट में अचानक उतार-चढ़ाव से निवेशकों को बचाने के लिए भी NSE ने पुख्ता इंतजाम किए हैं। हर 10 ग्राम सोने पर मिनिमम प्राइस मूवमेंट यानी टिक साइज महज 1 रुपये रखा गया है। इसके साथ ही, रिस्क मैनेजमेंट के लिए डेली बेस प्राइस लिमिट 6 प्रतिशत तय की गई है। अगर बाजार में बहुत अधिक अस्थिरता आती है और यह लिमिट टूटती है, तो 15 मिनट के कूलिंग-ऑफ पीरियड के बाद इसे 9 प्रतिशत तक बढ़ाया जा सकता है। इस व्यवस्था का मकसद पैनिक सेलिंग या अचानक आई तेजी से निवेशकों को बचाना है।
डिलीवरी की प्रकिया और एक्सपायरी
गौरतलब है कि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) ने इसके लिए अनिवार्य डिलीवरी का प्रावधान रखा है। इसका मतलब है कि कॉन्ट्रैक्ट एक्सपायरी पर वास्तविक सोने का लेन-देन किया जाएगा। इन मंथली कॉन्ट्रैक्ट्स की आखिरी तारीख महीने का आखिरी कैलेंडर दिन होगा। अगर उस दिन छुट्टी रहती है, तो पिछला कारोबारी दिन एक्सपायरी माना जाएगा। एक्सचेंज की तरफ से दी गई जानकारी के मुताबिक, डिलीवरी की प्रक्रिया अहमदाबाद स्थिति तय क्लियरिंग हाउस सुविधाओं के माध्यम से पूरी होगी।
डिस्क्लेमर: यह आर्टिकल केवल जानकारी के लिए है। हम निवेशकों को सलाह देते हैं कि वे कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले प्रमाणित विशेषज्ञों से जांच करें।