Nuvama Wealth Management Dividend And Stock Split: वेल्थ मैनेजमेंट सेक्टर की नामी कंपनी नुवामा वेल्थ मैनेजमेंट ने अपने शेयरधारकों को डबल गिफ्ट देने का ऐलान किया है। कंपनी मंगलवार, 4 नवंबर को फाइनेंशियल ईयर 2025-26 की दूसरी तिमाही का रिजल्ट जारी किया। इस दौरान शेयरधारकों के लिए भारी डिविडेंड और स्टॉक स्प्लिट की भी घोषणा की। ऐसे आगामी समय पर इस कंपनी के स्टॉक पर निवेशकों की कड़ी नजर रहने वाली है।
हर शेयर पर 70 रुपये का लाभांश
नुवामा वेल्थ मैनेजमेंट ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए 70 रुपये प्रति शेयर के लाभांश को मंजूरी दी। यानी, 10 रुपये फेस वैल्यू वाले शेयरों पर निवेशकों को 700 प्रतिशत का भारी डिविडेंड मिलेगा। इसके लिए रिकॉर्ड डेट भी तय कर दी गई है। कंपनी ने एक्सचेंज फाइलिंग में बताया कि जिन शेयरधारकों के पास 11 नवंबर तक शेयर होंगे, उन्हें डिविडेंड का लाभ मिलेगा। वहीं, 3 दिसंबर 2025 तक या इससे पहले डिविडेंड का भुगतान कर दिया जाएगा।
1:5 के रेश्यो में टूटेंगे शेयर
इसके साथ ही नुवामा वेल्थ मैनेजमेंट ने स्टॉक स्प्लिट की भी घोषणा की है। कंपनी ने मंगलवार को 1:5 के रेश्यों में शेयर विभाजन को मंजूरी दी। इसका मतलब कि मौजूदा 10 रुपये फेस वैल्यू वाले प्रत्येक शेयर 5 टुकड़ों में टूटकर 2 रुपये फेस वैल्यू में बदल जाएंगे। हालांकि, पोस्टल बैलट से शेयरधारकों की मंजूरी बाकी है। जरूरी नियामक मंजूरी के बाद इसे लागू किया जाएगा।
क्या है रिकॉर्ड डेट?
बता दें कि कंपनी ने अभी स्टॉक स्प्लिट के लिए रिकॉर्ड डेट का ऐलान नहीं किया है। इसे बाद में घोषित किया जाएगा। कंपनी के इस कदम से शेयरों की संख्या में बढ़ोतरी होगी, लेकिन कंपनी के बैलेंसशीट पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
नुवामा वेल्थ Q2 रिजल्ट 2025
गौरतलब है कि नुवामा वेल्थ मैनेजमेंट ने जुलाई-सितंबर 2025 तिमाही में 254 करोड़ रुपये शुद्ध मुनाफा दर्ज किया, जो पिछले साल की समान अवधि से 1.4 प्रतिशत कम है। पिछले साल कंपनी का शुद्ध मुनाफा 258 करोड़ रुपये था। हालांकि, ऑपरेशन से रेवेन्यू में सालाना आाधार पर 7.6 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। यह जुलाई-सितंबर 2025 तिमाही के लिए 1138 करोड़ रुपये दर्ज किया गया, जबकि पिछले साल की समान तिमाही में 1057 करोड़ रुपये रिकॉर्ड किया गया था। कंपनी ने आगे बताया कि तिमाही-दर-तिमाही आधार पर आय में 1 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई।