Paytm Block Deal: पेटीएम के फाउंडर विजय शेखर शर्मा के मालिकाना हक वाली रेजिलिएंट एसेट मैनेजमेंट ब्लॉक डील के जरिए वन97 कम्युनिकेशंस में 4.98 प्रतिशत हिस्सेदारी बेचने की तैयारी कर रही है। शेयर बाजार को दी जानकारी के मुताबिक, इस डील से मिलने वाली रकम को चीन स्थित अलीबाबा ग्रुप की कंपनी एंटफिन की तरफ से सेलर रेजिलिएंट एसेट मैनेजमेंट के साथ अपने मौजूदा ऑप्शनल कंवर्टेबल डिबेंचर (OCD)एग्रीमेंट के तहत रखा जाएगा। इस डील से पेटीएम के फाउंडर और CEO विजय शेखर शर्मा को कोई वित्तीय फायदा नहीं होगा। इसके अलावा, पेटीएम में शर्मा की करीब नौ प्रतिशत डायरेक्ट होल्डिंग में भी कोई बदलाव नहीं होगा।
रेजिलिएंट और एंटफिन के बीच डिबेंचर एग्रीमेंट की शर्तें
यह व्यवस्था अगस्त 2023 से जारी है। उस समय रेजिलिएंट ने एंटफिन से पेटीएम की करीब 10.2 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदी थी और इसके बदले एंटफिन को ऑप्शनल कंवर्टेबल डिबेंचर (OCD) एग्रीमेंट्स जारी किए थे। तब से इन शेयर पर आर्थिक हित एंटफिन का रहा है, जबकि रेजिलिएंट के पास उनके कानूनी एवं मतदान संबंधी अधिकार हैं।
पहली बार सालाना आधार पर मुनाफा
यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है जब पेटीएम की प्रॉफिबिल्टी में लगातार सुधार हो रहा है। वन97 कम्युनिकेशंस ने फाइनेंशियल ईयर 2025-26 में 552 करोड़ रुपये का नेट प्रॉफिट दर्ज किया था। इस दौरान उसका रेवेन्यू 22 प्रतिशत बढ़कर 8,437 करोड़ रुपये हो गया। 2021 में लिस्टेड होने के बाद कंपनी पहली बार किसी फाइनेंशियल ईयर में मुनाफे में रही थी।
पीटीएम के शेयरों में गिरावट
बता दें कि इस खबर के सामने आने के बाद मंगलवार को पेटीएम के शेयरों में गिरावट आई है। आज के कारोबारी सत्र में पेटीएम के शेयर लगभग 2 प्रतिशत टूटकर 1,551.60 रुपये के निचले स्तर पर पहुंच गए। इससे पहले, इस स्टॉक में जोरदार तेजी देखी जा रही है। पिछले 1 महीने के दौरान पेटीएम के शेयर 15 फीसदी से अधिक का रिटर्न दिए हैं, जबकि 6 महीने के दौरान निवेशकों को करीब-करीब 30 प्रतिशत का मुनाइफा मिला है। अगर साल 2026 में अब तक के रिटर्न की बात करें,तो इसने 20 प्रतिशत से ज्यादा की बढ़त हासिल की है। वहीं, एक वर्ष के दौरान पीटीएम ने 32 प्रतिशत का उछाल दर्ज किया है।