
Penny Stocks under ₹10: शेयर बाजार में पेनी स्टॉक्स की अपनी एक अलग पहचान होती है। निवेशक कई बार सस्ते शेयरों की तरफ इसलिए भी आकर्षित होते हैं क्योंकि कम कीमत में ज्यादा शेयर खरीद पाने का मौका मिलता है। ₹10 से कम के पेनी स्टॉक्स छोटे जरूर लगते हैं, लेकिन इनमें हल्की सी तेजी भी रिटर्न को बड़ा बना देती है। यही वजह है कि रिटेल निवेशकों के बीच पेनी स्टॉक्स को लेकर हमेशा चर्चा बनी रहती है।
हालांकि, इनमें जोखिम भी होता है। पेनी स्टॉक्स में उतार-चढ़ाव काफी तेज होता है। इन कंपनियों का बिजनेस मॉडल कई बार कमजोर होता है, जानकारी सीमित होती है और ट्रेडिंग वॉल्यूम भी कम रहता है। कई बार शेयर की कीमत असली परफॉर्मेंस से ज्यादा अफवाहों और सट्टेबाजी के दम पर ऊपर जाती है, जिससे गिरावट भी अचानक और तेज हो सकती है।
इसके बावजूद, बीते एक महीने में कुछ पेनी स्टॉक्स ने निवेशकों को चौंका दिया है। Capitaline के आंकड़ों के मुताबिक, BSE पर ₹10 से कम कीमत वाले 10 शेयरों ने 20 फीसदी से ज्यादा का रिटर्न दिया है। चलिए देखें वे शेयर्स जिनका ट्रेडिंग वॉल्यूम 50,000 से ज्यादा रहा। कुछ स्टॉक्स तो 60 फीसदी से ऊपर तक चढ़ गए।
इस लिस्ट में सबसे आगे रहा Mangalam Industrial Finance, जिसका शेयर एक महीने में ₹0.90 से बढ़कर ₹1.51 तक पहुंच गया। यानी करीब 68 फीसदी की तेजी। इस दौरान इसके ट्रेडिंग वॉल्यूम में भी छह गुना से ज्यादा उछाल देखने को मिला और कंपनी का मार्केट कैप लगभग ₹215 करोड़ रहा।
Pulsar International: दिसंबर से जनवरी के बीच इसके शेयर्स ₹1.49 से बढ़कर ₹2.34 हो गए, यानी करीब 57 फीसदी की बढ़त। कंपनी का मार्केट कैप करीब ₹100 करोड़ बताया जा रहा है।
Avance Technologies: एक महीने में इसमें 46 फीसदी की तेजी आई। यह शेयर पहले ही एक साल में 118 फीसदी और तीन साल में 4300 फीसदी से ज्यादा रिटर्न दे चुका है। हाल ही में कंपनी ने हैदराबाद की Pushpak AI में हिस्सेदारी खरीदने के लिए टर्म शीट साइन की है, जिससे निवेशकों की दिलचस्पी और बढ़ी।
Satvik Sukun Lifecare: इसके शेयर्स ₹0.51 से बढ़कर ₹0.70 तक पहुंचे और करीब 37 फीसदी का रिटर्न दिया।
Starlineps Enterprises: इसने 35 फीसदी की तेजी दिखाई। इस कंपनी ने हाल ही में Tobias Amines में हिस्सेदारी खरीदने के लिए MoU किया है।
इसके अलावा Bluegod Entertainment, MSR India, Shah Metacorp, Teamo Production और PMC Fincorp जैसे शेयरों ने भी 21 से 35 फीसदी तक का रिटर्न देकर पेनी स्टॉक्स की चर्चा को और तेज कर दिया।
पेनी स्टॉक्स की यह तेजी भले ही लुभावनी लगे, लेकिन निवेश से पहले सतर्क रहना जरूरी है। कंपनी का बिजनेस, वॉल्यूम, हालिया खबरें और प्रमोटर से जुड़ी जानकारी देखना बेहद जरूरी होता है। सिर्फ तेजी देखकर पैसा लगाना कई बार भारी पड़ सकता है।
डिस्क्लेमर: यह लेख केवल शैक्षिक उद्देश्यों के लिए है। ऊपर दिए गए विचार और सिफारिशें व्यक्तिगत विश्लेषकों या ब्रोकिंग कंपनियों के हैं, न कि मिंट के। हम निवेशकों को सलाह देते हैं कि वे कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले प्रमाणित विशेषज्ञों से जांच करें।
Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.