PhonePe IPO News: दुनिया की सबसे बड़ी रिटेल चेन वॉलमार्ट के निवेश वाली फिनटेक कंपनी फोनपे (PhonePe) ने बाजार नियामक सेबी के पास IPO के लिए ड्राफ्ट फाइल किया है। समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक, फोनपे ने सार्वजनिक पेशकश के लिए कॉन्फिडेंशियल रूट के माध्यम से ड्राफ्ट दाखिल किया है। वहीं, अन्य मीडिया रिपोर्ट की मानें, तो इस इनिशियल पब्लिक ऑफरिंग (IPO) का साइज 1200 करोड़ रुपये या 1.35 बिलियन डॉलर हो सकता है।
कॉन्फिडेंशियल प्री-फाइलिंग प्रक्रिया का इस्तेमाल कोई भी कंपनी अपने ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (DRHP) की डिटेल को जनता के सामने गुप्त रखने के लिए करती है। इसके अलावा, प्री-फाइल्ड DRHP दाखिल करने से कंपनी पर IPO लॉन्च करने की बाध्यता नहीं होती है।
कंपनी का कम हुआ घाटा
फिनटेक कंपनी फोनपे ने इसी सप्ताह 22 सितंबर को अपना फाइनेंशियल रिजल्ट जारी किया था। इस दौरान कंपनी ने घाटे में गिरावट दर्ज की। फाइनेंशियल ईयर 2025 के लिए कंपनी ने 1,720 करोड़ रुपये का शुद्ध घाटा दर्ज किया, जबकि पिछले साल की समान अवधि में यह 1,996 करोड़ रुपये था। इस दौरान कंपनी का ऑपरेशन से रेवेन्यू 40 प्रतिशत की मजबूत बढ़त के साथ 7,115 करोड़ रुपये हो गया।
60 करोड़ से अधिक यूजर्स
बता दें कि फोनपे भारत में सबसे ज्यादा डिजिटल पेमेंट्स के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले एप्लीकेशंस में से एक है। इसने इस साल के शुरुआत में शेयर बाजार में लिस्ट होने की तैयारी करने का ऐलान किया था। फोनपे पर 600 मिलियन यानी 60 करोड़ यूजर्स रजिस्टर्ड हैं। इनमें 4 करोड़ से अधिक मर्चेंट यूजर्स हैं और हर दिन 310 मिलियन से अधिक ट्रांजैक्शन होते हैं।
पेमेंट एग्रीगेटर के लिए RBI से मिली मंजूरी
इसके अलावा, कंपनी ने हाल ही में यह भी ऐलान किया है कि उसे ऑनलाइन पेमेंट एग्रीगेटर के रूप में काम करने के लिए भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) से मंजूरी मिल गई है।