Powerica Ltd Details: फेमस पावर सॉल्यूशंस प्रोवाइडर कंपनी पावेरिका लिमिटेड (Powerica Ltd.) ने शेयर बाजार में लिस्ट होने की पूरी तैयारी कर ली है। बुधवार, 18 मार्च को कंपनी ने अपने आगामी 1,100 करोड़ रुपये के इनिशियल पब्लिक ऑफरिंग (IPO) के लिए प्राइस बैंड का ऐलान कर दिया है। यह इश्यू 24 मार्च को सब्सक्रिप्शन के लिए खुल रहा है, जबकि 27 मार्च तक निवेशक बोलियां लगा सकते हैं। वहीं, एंकर इन्वेस्टर्स के लिए 23 मार्च को ही विंडो खुल जाएगी। कंपनी ने इस आईपीओ के लिए 375 रुपये से 395 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया है।
कम से कम इतने रुयये करने होंगे निवेश
पावेरिका लिमिटेड ने रिटेल निवेशकों का विशेष ध्यान रखते हुए उनके लिए 35% हिस्सा रिजर्व रखा है। एक आम निवेशक को कम से कम 37 शेयरों के एक लॉट के लिए बोली लगानी होगी। ऐसे में अपर प्राइस बैंड के आधार पर कम से कम 14,615 रुपये का निवेश करना होगा। इसके अलावा, कंपनी के पात्र कर्मचारियों को प्रति शेयर 37 रुपये का स्पेशल डिस्काउंट भी दिया जा रहा है।
IPO स्ट्रक्चर
कंपनी ने शुरुआती योजना के मुकाबले अपने IPO के साइज में कुछ बदलाव किए हैं। पहले यह इश्यू 1,400 करोड़ रुपये का होने वाला था, लेकिन अब इसे घटाकर 1,100 करोड़ रुपये कर दिया गया है। इस कुल रकम में से 700 करोड़ रुपये के फ्रेश इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे, जबकि 400 करोड़ रुपये का ऑफर फॉर सेल (OFS) शामिल है। ऑफर फॉर सेल (OFS) में मौजूदा निवेशक अपनी हिस्सेदारी बेचेंगे। SEBI ने पिछले साल दिसंबर में ही कंपनी के ड्राफ्ट पेपर्स को मंजूरी दे दी थी। इस इश्यू के सफल होने के बाद अपर प्राइस बैंड पर पावेरिका का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन लगभग 4,998.6 करोड़ रुपये होने की उम्मीद है।
इन जगहों पर खर्च होगा फंड
पावेरिका लिमिटेड इस सार्वजनिक पेशकश के जरिए जुटाए गए फंड का इस्तेमाल कर्ज चुकाने और अन्य कॉर्पोरेट कामों के लिए करेगी। कंपनी की तरफ से दी गई जानकारी के मुताबिक, इश्यू से मिलने वाले 700 करोड़ रुपये में से 525 करोड़ का इस्तेमाल कर्ज को चुकाने में किया जाएगा। फरवरी 2026 के आंकड़ों के मुताबिक, कंपनी पर बैंकों का कुल 1,214.25 करोड़ का बकाया है। ऐसे में कंपनी अपना कर्ज कम करेगी। इससे उसकी बैलेंसशीट मजबूत होगी और ब्याज का बोझ घटेगा।
इनके हाथों में IPO की जिम्मेदारी
बता दें कि इस IPO के मैनेजमेंट की जिम्मेदारी ICICI सिक्योरिटीज, IIFL कैपिटल और नुवामा वेल्थ मैनेजमेंट जैसे अनुभवी संस्थानों के पास है। शेयरों का अलॉटमेंट 30 मार्च को होने की उम्मीद है। इसके बाद 2 अप्रैल को शेयर स्टॉक एक्सचेंज पर लिस्ट होंगे।
डिस्क्लेमर: यह आर्टिकल केवल जानकारी के लिए है। ऊपर दिए गए विचार और सिफारिशें, व्यक्तिगत विश्लेषकों या ब्रोकिंग कंपनियों के हैं, न कि मिंट के। हम निवेशकों को सलाह देते हैं कि वे कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले प्रमाणित विशेषज्ञों से जांच करें।