Reliance Q3 Results 2026: रिलायंस की कमाई में बढ़त, जियो बना ग्रोथ इंजन, पढ़ें पूरी रिपोर्ट

Reliance Q3 Results 2026: रिलायंस इंडस्ट्रीज का Q3 मुनाफा 1.64% बढ़कर 22,290 करोड़ रुपये रहा। जियो और रिटेल कारोबार ने मजबूती दिखाई, जबकि तेल-गैस सेगमेंट पर दबाव रहा। कंपनी का परिचालन राजस्व सालाना आधार पर 10% से ज्यादा बढ़ा।

Priya Shandilya( विद इनपुट्स फ्रॉम वार्ता)
अपडेटेड16 Jan 2026, 08:31 PM IST
रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड का तिमाही नतीजा
रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड का तिमाही नतीजा(Bloomberg)

Reliance Q3 Results 2026: देश की सबसे बड़ी कंपनियों में गिनी जाने वाली रिलायंस इंडस्ट्रीज ने चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं। इन नतीजों में एक तरफ मुनाफे और रेवेन्यू में बढ़त दिखी है, तो दूसरी तरफ कुछ कारोबार ऐसे भी रहे जहां दबाव साफ नजर आया।

रिलायंस का मुनाफा कितना बढ़ा

रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड का अक्टूबर–दिसंबर 2025 तिमाही में समेकित शुद्ध लाभ 1.64% बढ़कर 22,290 करोड़ रुपये पहुंच गया। कंपनी के निदेशक मंडल की बैठक के बाद ये नतीजे शेयर बाजार को बताए गए। इस दौरान रिलायंस का परिचालन राजस्व 2,69,496 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले साल की इसी तिमाही से 10.51% ज्यादा है।

जियो को लेकर क्या बोले मुकेश अंबानी

कंपनी के चेयरमैन और एमडी मुकेश अंबानी ने कहा कि जियो का डिजिटल इकोसिस्टम अब भारतीय समाज में तेजी से अपनी जड़ें मजबूत कर रहा है। इस सेगमेंट में ऑपरेटिंग प्रॉफिट 164% बढ़ा, जो इसके दमदार प्रदर्शन को दिखाता है।

रिटेल कारोबार में क्या रहा हाल

मुकेश अंबानी के मुताबिक, यह तिमाही रिलायंस रिटेल के लिए भी काफी अहम रही। खासतौर पर कंज्यूमर प्रोडक्ट्स सेगमेंट में ग्रोथ की रफ्तार पहले के मुकाबले तेज हुई है। रिलायंस रिटेल वेंचर्स का तिमाही राजस्व 97,605 करोड़ रुपये रहा, जबकि इस सेगमेंट का शुद्ध मुनाफा 2.1% बढ़कर 3,558 करोड़ रुपये पहुंच गया।

जियो की कमाई और ग्राहक

सहयोगी कंपनियों में जियो प्लेटफॉर्म्स का प्रदर्शन खासा मजबूत रहा। जियो का राजस्व 12.7% बढ़कर 43,683 करोड़ रुपये हो गया। शुद्ध मुनाफा 11.3% बढ़कर 7,629 करोड़ रुपये रहा। वहीं, जियो के ग्राहकों की संख्या सालाना आधार पर 6.9% बढ़कर 51.52 करोड़ पहुंच गई।

कहां बढ़त, कहां गिरावट

तेल और रसायन कारोबार में रिलायंस का राजस्व 8.4% बढ़कर 1,62,095 करोड़ रुपये रहा। हालांकि इस दौरान निर्यात 1.2% घटकर 66,830 करोड़ रुपये रह गया। वहीं तेल और गैस सेगमेंट में KG-D6 गैस की कम कीमत और उत्पादन में कमी के चलते राजस्व में 8.4% की गिरावट आई और यह 5,833 करोड़ रुपये रहा।।

रिलायंस इंडस्ट्रीज की तीसरी तिमाही में डिजिटल और रिटेल कारोबार ने मजबूती दिखाई, जबकि तेल-गैस सेगमेंट दबाव में रहा। आने वाली तिमाहियों में निवेशकों की नजर इस बात पर रहेगी कि कंपनी किन कारोबारों से ग्रोथ की रफ्तार और तेज करती है।

Get Latest real-time updates

Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.

बिजनेस न्यूज़मार्केटReliance Q3 Results 2026: रिलायंस की कमाई में बढ़त, जियो बना ग्रोथ इंजन, पढ़ें पूरी रिपोर्ट
More
बिजनेस न्यूज़मार्केटReliance Q3 Results 2026: रिलायंस की कमाई में बढ़त, जियो बना ग्रोथ इंजन, पढ़ें पूरी रिपोर्ट