Samsung IPO Update: भारत जैसे बड़े और तेजी से बदलते बाजार में सैमसंग इलेक्ट्रॉनिक्स ने अपनी प्राथमिकताएं साफ कर दी हैं। कंपनी फिलहाल भारत में अपने कारोबार को शेयर बाजार में उतारने की योजना नहीं बना रही है। इसके बजाय कंपनी अपने स्मार्टफोन और घरेलू उपकरणों को और स्मार्ट यानी AI से लैस करके ग्राहकों तक पहुंचाने पर ध्यान दे रही है।
सैमसंग के दक्षिण पश्चिम एशिया के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) जे बी पार्क ने ‘पीटीआई-भाषा’ के साथ विशेष बातचीत में कहा कि दक्षिण कोरिया की कंपनी भारत में अपने विनिर्माण विस्तार को और मजबूत करना चाहती है। उसने भारत में मोबाइल फोन ‘डिस्प्ले’ के विनिर्माण के लिए कल-पुर्जों की खरीद को लेकर उत्पाद से जुड़ी प्रोत्साहन (पीएलआई) योजना के तहत आवेदन किया है।
अभी नहीं आएगा सैमसंग का IPO
सैमसंग का दुनिया का सबसे बड़ा स्मार्टफोन विनिर्माण संयंत्र नोएडा में स्थित है। यह हाल के वर्षों में एक प्रमुख निर्यात केंद्र के रूप में विकसित हुआ है। आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) लाने की संभावना के बारे में पूछे जाने पर पार्क ने कहा कि नहीं, फिलहाल हमारी ऐसी कोई योजना नहीं है।
IPO के अलावा पूंजी जुटाने के हैं कई अन्य विकल्प
हुंदै मोटर इंडिया और एलजी इलेक्ट्रॉनिक्स जैसी अन्य दक्षिण कोरियाई कंपनियों ने पूंजी जुटाने और स्थानीय स्तर पर अपनी उपस्थिति मजबूत करने के लिए आईपीओ का सहारा लिया। वहीं सैमसंग बाजार से वित्तपोषित विस्तार की बजाय आंतरिक विकास को प्राथमिकता दे रही है। ये रणनीति, प्रतिस्पर्धी उपभोक्ता इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार में उत्पादों को अलग पहचान दिलाने के लिए एआई का लाभ उठाने और वैश्विक मांग में नरमी के बीच बिक्री बढ़ाने के लिए वित्त पोषण समाधानों का उपयोग करने के दोहरे उद्देश्य को दर्शाती है।
पार्क ने कहा कि सैमसंग की वृद्धि के अवसरों में निवेश के लिए आवश्यक पूंजी की पर्याप्त आपूर्ति होगी। आईपीओ के अलावा, पूंजी जुटाने के कई अन्य तरीके भी हैं। इसमें संस्थागत ऋण या कॉरपोरेट बॉन्ड शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इसलिए, कार्यशील पूंजी जुटाने के कई विकल्प मौजूद हैं। सैमसंग की आईपीओ लाने की कोई योजना नहीं है।