SBI Q3 Results: SBI का रिकॉर्ड मुनाफा, ₹21,028 करोड़ पर पहुंचा लाभ, NIM में आई गिरावट

SBI Q3 Results: SBI ने तीसरी तिमाही में अब तक का सबसे बड़ा मुनाफा दर्ज किया है। आय और लोन ग्रोथ मजबूत रही, वहीं एसेट क्वालिटी में भी सुधार दिखा। हालांकि, मार्जिन में हल्की गिरावट ने आगे के लिए सतर्क रहने का संकेत दिया है।

Priya Shandilya
पब्लिश्ड7 Feb 2026, 05:53 PM IST
SBI का रिकॉर्ड मुनाफा,  <span class='webrupee'>₹</span>21,028 करोड़ पर पहुंचा लाभ
SBI का रिकॉर्ड मुनाफा, ₹21,028 करोड़ पर पहुंचा लाभ

SBI Q3 Results: भारत के सबसे बड़े बैंक, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) ने दिसंबर तिमाही (Q3FY26) के नतीजे घोषित किए हैं। इस बार बैंक ने अब तक का सबसे बड़ा तिमाही मुनाफा दर्ज किया है। बढ़ती आय और मजबूत लोन ग्रोथ ने बैंक को नई ऊंचाई पर पहुंचाया है, हालांकि मार्जिन में थोड़ी गिरावट भी देखने को मिली।

रिकॉर्ड मुनाफा, इतिहास की सबसे बड़ी तिमाही कमाई

दिसंबर तिमाही (Q3FY26) में SBI का स्टैंडअलोन शुद्ध मुनाफा साल-दर-साल करीब 24.5% बढ़कर 21,028 करोड़ पहुंच गया। पिछले साल इसी तिमाही में यह आंकड़ा 16,891 करोड़ था। यह बैंक के इतिहास का अब तक का सबसे बड़ा तिमाही मुनाफा माना जा रहा है।

कुल आय में भी मजबूत बढ़त

बैंक की कुल आय में भी इजाफा देखने को मिला। Q3 में SBI की कुल आय करीब 9.7% बढ़कर 1,40,914 करोड़ हो गई। इसका साफ मतलब है कि बैंक का कारोबार लगातार फैल रहा है और क्रेडिट डिमांड बनी हुई है।

NII बढ़ा, लेकिन NIM ने बढ़ाई चिंता

नेट इंटरेस्ट इनकम यानी NII में करीब 9% की बढ़त दर्ज की गई और यह 45,190 करोड़ पर पहुंच गई। ऑपरेटिंग प्रॉफिट में तो और भी जबरदस्त उछाल दिखा, जो 39.54% बढ़कर 32,862 करोड़ हो गया। हालांकि, इस मजबूत तस्वीर के बीच एक हल्का सा झटका भी लगा। पूरे बैंक का NIM 2.99% रहा, जबकि घरेलू NIM में 3 बेसिस प्वाइंट की गिरावट दर्ज की गई और यह 3.12% पर आ गया।

इसी तिमाही में संभावित कर्ज नुकसान को देखते हुए बैंक ने प्रोविजन भी बढ़ाया, जो सालाना आधार पर 39.5% उछलकर 3,216 करोड़ पहुंच गया।

लोन और डिपॉजिट में दमदार विस्तार

SBI के डिपॉजिट 57 ट्रिलियन और एडवांस 46 ट्रिलियन के पार पहुंच गए हैं। कुल एडवांस में सालाना आधार पर 15.14% बढ़त दर्ज की गई। घरेलू रिटेल लोन और कॉरपोरेट लोन दोनों में स्थिर ग्रोथ देखने को मिली, जो बैंक के मजबूत बिजनेस मॉडल को दिखाती है।

बैंक का CASA रेशियो भी सालाना आधार पर 7 बेसिस प्वाइंट घटकर 39.13% पर आ गया है, यानी सस्ते जमा की हिस्सेदारी में हल्की कमी देखने को मिली।

NPA में दो अंकों की गिरावट

बैंक के लिए सबसे राहत की बात यह रही कि एसेट क्वालिटी और बेहतर हुई। ग्रॉस NPA में 12.7% की गिरावट आई, जबकि नेट NPA में लगभग 15.7% की कमी दर्ज की गई।

कंसॉलिडेटेड नतीजों में भी मजबूती

कंसॉलिडेटेड आधार पर SBI का मुनाफा 14.08% की बढ़त के साथ 21,876 करोड़ रहा। वहीं, कुल कंसॉलिडेटेड आय में भी 1,85,648 करोड़, यानी 10.6% की बढ़त दर्ज की गई।

शेयर बाजार की प्रतिक्रिया

नतीजों से पहले SBI का शेयर बीएसई पर करीब 0.65% गिरकर 1,066.40 पर बंद हुआ। आने वाले सत्रों में बाजार की नजर अब बैंक के मैनेजमेंट आउटलुक और मार्जिन ट्रेंड पर रहेगी।

Get Latest real-time updates

Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.

बिजनेस न्यूज़मार्केटSBI Q3 Results: SBI का रिकॉर्ड मुनाफा, ₹21,028 करोड़ पर पहुंचा लाभ, NIM में आई गिरावट
More
बिजनेस न्यूज़मार्केटSBI Q3 Results: SBI का रिकॉर्ड मुनाफा, ₹21,028 करोड़ पर पहुंचा लाभ, NIM में आई गिरावट