Sensex Nifty Outlook: बीते सप्ताह प्रमुख सूचकांकों में रही गिरावट के बाद आने वाले सप्ताह में घरेलू शेयर बाजारों की चाल मुख्य रूप से वैश्विक कारकों पर निर्भर करेगी।निवेशकों की नजर पश्चिम एशिया संकट के साथ ही कच्चे तेल की कीमतों पर भी होगी। घरेलू स्तर पर नौ प्रमुख उद्योगों के जुलाई आंकड़े अगले सप्ताह जारी किये जाने हैं। शेयर बाजार की दिशा तय करने में इसका भी हाथ रहेगा।
बीते सप्ताह बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स सोमवार और गुरुवार को मजबूत बंद हुआ जबकि अन्य तीन दिन गिरावट देखी गयी। ये 489.92 अंक (0.62 प्रतिशत) की साप्ताहिक गिरावट में 78,009.25 अंक पर बंद हुआ।
पिछली सप्ताह कैसा रहा निफ्टी 50?
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक सोमवार को छोड़कर अन्य चार दिन लाल निशान में बंद हुआ। सप्ताह के दौरान यह 204.65 अंक यानी 0.83 फीसदी गिरकर शुक्रवार को 24,366 अंक पर रहा। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.48 प्रतिशत चढ़ गया जबकि स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.65 प्रतिशत उतर गया।
Nifty का Doji पैटर्न क्या दे रहा संकेत?
तकनीकी मोर्चे पर निफ्टी के डेली चार्ट पर Doji candlestick pattern बना है। यह हालिया गिरावट के बाद बाजार में अनिश्चितता का संकेत देता है। निफ्टी 20-दिन के DEMA 24,363 और 200-दिन के DEMA 24,385 के करीब बंद हुआ है। ऐसे में 24,360-24,385 का जोन निकट अवधि के लिए बेहद अहम माना जा रहा है।
24,265 के नीचे फिसला तो बढ़ सकता है दबाव
निफ्टी के लिए तत्काल सपोर्ट 24,265 पर है, जबकि इसके बाद 24,000 का मनोवैज्ञानिक स्तर अहम रहेगा। ऊपर की ओर 24,630 और 24,750 प्रमुख रेजिस्टेंस जोन हैं। अगर निफ्टी 200-दिन के DEMA के नीचे टिकाऊ क्लोजिंग देता है तो तकनीकी तस्वीर कमजोर हो सकती है। वहीं, 24,630 के ऊपर मजबूती आने से शॉर्ट टर्म सेंटीमेंट में सुधार देखने को मिल सकता है।
इन कंपनियों में आई गिरावट
सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से 19 के शेयरों में साप्ताहिक गिरावट रही। टीसीएस का शेयर 3.86 प्रतिशत टूट गया। आईटीसी में 2.77 प्रतिशत, अल्ट्राटेक सीमेंट में 2.70, भारतीय स्टेट बैंक में 2.56, टाटा स्टील में 2.45, पावरग्रिड में 1.93, महिंद्रा एंड महिंद्रा में 1.78, रिलायंस इंडस्ट्रीज में 1.77 और एक्सिस बैंक में 1.66 प्रतिशत की गिरावट रही।मारुति सुजुकी का शेयर 1.32 प्रतिशत, सनफार्मा का 1.24, एनटीपीसी का 1.16 और टेक महिंद्रा का 0.92 प्रतिशत फिसल गया। एचडीएफसी बैंक, इंडिगो, एशियन पेंट्स, इंफोसिस, ट्रेंट और आईसीआईसीआई बैंक के शेयर भी लाल निशान में रहे।
टाइटन में 2.75 प्रतिशत की साप्ताहिक तेजी रही। बीईएल का शेयर 2.06 प्रतिशत, भारती एयरटेल का 1.68 और बजाज फिनसर्व का 1.40 प्रतिशत की बढ़त में रहा। एचसीएल टेक्नोलॉजीज, इटरनल, बजाज फाइनेंस, अडानी पोर्ट्स, एलएंडटी, हिंदुस्तान यूनीलिवर और कोटक महिंद्रा बैंक में भी तेजी रही।