Stock Market Opening 28 November: शेयर बाजार में कारोबारी सप्ताह के आखिरी दिन यानी शुक्रवार को सपाट स्तर पर कामकाज की शुरुआत हुई। आज सेंसेक्स 71 अंकों की बढ़ोतरी के साथ 85,791.55 रुपये के लेवल पर खुला, जबकि निफ्टी 50 इंडेक्स 22 अंकों के उछाल के साथ 26,215.55 के लेवल पर ओपन हुआ।
एक्सपर्ट व्यू
जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड में चीफ इन्वेस्टमेंट स्ट्रैटजिस्ट डॉ. वीके विजय कुमार ने कहा, 'कल सेंसेक्स और निफ्टी ने फिर से नया रिकॉर्ड बनाया, लेकिन ये तेजी सिर्फ कुछ गिने-चुने बड़े शेयरों की वजह से आई है। बाजार भले ही ऊपर चढ़ रहा हो, पर ज्यादातर रिटेल निवेशक - खासकर वो नए लोग जो मार्च 2020 के कोविड क्रैश के बाद बाजार में आए हैं , अभी भी अपने पोर्टफोलियो में घाटे में बैठे हैं।
इस अजीब स्थिति की सबसे बड़ी वजह छोटे निवेशकों का स्मॉलकैप शेयरों के पीछे पागलपन है। उन्हें लगता है कि स्मॉलकैप हमेशा बड़े शेयरों से बेहतर चलेंगे, चाहे उनकी कीमत कितनी भी महंगी क्यों न हो गई हो। हकीकत ये है कि निफ्टी स्मॉलकैप इंडेक्स अभी भी अपने पीक से करीब 9% नीचे चल रहा है। वजह ज्यादातर स्मॉलकैप कंपनियों की कमाई बढ़ नहीं रही और उनके दाम आसमान छू रहे हैं।
उन्होंने आगे कहा कि 2026 में जब मार्केट में अच्छी तेजी आने की उम्मीद है, तब रिटेल निवेशकों को फायदा तभी होगा जब वे बड़े और अच्छे लार्जकैप शेयरों और क्वालिटी मिडकैप में पैसा लगाएं। स्मॉलकैप में अभी भी कमजोरी बनी रह सकती है। उन्होंने निवेशकों की अभी स्मॉलकैप से दूर रहने की सलाह दी।
इन शेयरों में तेजी
सुबह 9:23 बजे सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयर 1.65 प्रतिशत की बढ़त के साथ सबसे ऊपर कारोबार कर रहे थे। वहीं, टेक महिंद्रा के शेयरों में 0.70 प्रतिशत का उछाल दर्ज किया गया है, जबकि टाइटन कंपनी के शेयर 0.47 प्रतिशत मजबूत होकर ट्रेड कर रहे हैं। इसके अलावा, रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर 0.35 प्रतिशत चढ़कर कामकाज कर रहे थे, जबकि SBI के शेयरों में भी 0.35 प्रतिशत से ज्यादा की मजबूती देखी जा रही है।
इन शेयरों ने बजार पर बनाया दबाव
दूसरी तरफ, एशियन पेंट्स के शेयर 0.58 प्रतिशत की गिरावट के साथ ट्रेड कर रहे थे, जबकि पावर ग्रिड के शेयरों में 0.44 प्रतिशत की कमजोरी दर्ज की गई है। इसके अलावा, अडानी पोर्ट्स के शेयर 0.36 प्रतिशत लुढ़ककर कारोबार कर रहे हैं, जबकि एक्सिस बैंक के शेयरों में 0.35 प्रतिशत की गिरावट आई है। वहीं, इन्फोसिस के शेयरों में 0.30 प्रतिशत की कमजोरी देखी जा रही है।