Shadowfax Technologies IPO: शैडोफैक्स टेक्नोलॉजीज लिमिटेड जल्द ही शेयर बाजार में कदम रखने जा रही है। कंपनी का इनिशियल पब्लिक ऑफर (IPO) 20 जनवरी से निवेशकों के लिए खुलेगा। शुक्रवार को जारी बयान में कंपनी ने बताया कि ये ऑफर मंगलवार को खुलेगा और गुरुवार को बंद होगा।
क्या है प्राइस बैंड?
एंकर निवेशक सोमवार को बोली लगा सकेंगे। इस ऑफर का प्राइस बैंड 118 से 124 रुपये प्रति इक्विटी शेयर है। कम से कम 120 इक्विटी शेयर और उससे ज़्यादा के लिए, 120 के मल्टीपल में निविदा लगानी होगी। दस रुपये फेस वैल्यू वाले इक्विटी शेयरों का इनिशियल पब्लिक ऑफरिंग 1,907.27 करोड़ रुपये का है। इसमें 1,000 करोड़ रुपये तक के नये जारी किये गये इक्विटी शेयर और 907.27 करोड़ रुपये तक के बिक्री के लिए ऑफर किये गये 10 रुपये फेस वैल्यू वाले शेयर शामिल हैं।
क्या चल रहा है लेटेस्ट GMP?
ग्रे मार्केट में इस आईपीओ का प्रीमियम (GMP) फिलहाल करीब 15 रुपये चल रहा है, जिससे अनुमानित लिस्टिंग प्राइस लगभग 139 रुपये हो सकता है। इसका मतलब है कि निवेशकों को इश्यू प्राइस पर करीब 12 प्रतिशत का संभावित लाभ मिल सकता है। हालांकि, GMP केवल अनौपचारिक संकेत है और वास्तविक लिस्टिंग प्राइस बाजार की मांग और आपूर्ति पर निर्भर करेगा।
क्या करती है Shadowfax Technologies?
शैडोफैक्स टेक्नोलॉजीज लिमिटेड एक लॉजिस्टिक्स और ट्रांसपोर्ट कंपनी है, जो ई-कॉमर्स, एक्सप्रेस पार्सल और हाइपरलोकल डिलीवरी सेवाओं में काम करती है। इसका मुख्यालय बेंगलुरु, कर्नाटक में है और ये पूरे भारत में तेज और तकनीक-आधारित डिलीवरी करती है।बता दें कि शैडोफैक्स टेक्नोलॉजीज लिमिटेड की शुरुआत वर्ष 2015 में हुई थी। इसे बेंगलुरु में अभिषेक बंसल, वैभव खंडेलवाल, प्रहर्ष चंद्रा और गौरव जैठलिया ने मिलकर स्थापित किया था। यह कंपनी भारत की प्रमुख लॉजिस्टिक्स और ऑन-डिमांड डिलीवरी प्लेटफॉर्म के रूप में जानी जाती है। अब ये कंपनी भारतीय शेयर बाजार में कदम रख रही है।