Share Market Closing Bell: भारतीय शेयर बाजार ने सप्ताह के दूसरे कारोबारी दिन निवेशकों को जबरदस्त राहत दी। पूरे दिन दबाव और गिरावट के साए में रहने के बाद कारोबार के आखिरी घंटे में बाजार ने जोरदार यू-टर्न लिया। इंटरनेशनल लेवल पर कच्चे तेल की कीमतों में आई भारी गिरावट और घरेलू मोर्चे पर आखिरी मिनटों की ताबड़तोड़ लिवाली से BSE सेंसेक्स और NSE निफ्टी दोनों ही इंडेक्स शानदार बढ़त दर्ज करते हुए हरे निशान पर बंद हुए।
आखिरी घंटे में संभले सेंसेक्स और निफ्टी
आज 30 शेयरों वाला BSE सेंसेक्स 286.98 अंक या 0.37 प्रतिशत की मजबूती के साथ 77,656.09 अंक के स्तर पर बंद हुआ। दिन के निचले स्तर 77,125.91 अंक से इंडेक्स 77,666.39 अंक के उच्चतम स्तर को छुआ। इसी तरह, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का 50 शेयरों वाला निफ्टी भी अंतिम सत्र की एक्टिव बायिंग के दम पर 115.50 अंक या 0.48 प्रतिशत चढ़कर 24,334.55 अंक पर बंद हुआ। इससे पहले, सोमवार के सत्र में सेंसेक्स 171.72 अंक टूटकर 77,369.11 अंक पर और निफ्टी 32.95 अंक गिरकर 24,219.05 अंक पर बंद हुआ था।
कच्चे तेल में नरमी और FII की खरीदारी ने पलटा खेल
बाजार में इस पॉजिटिव ट्रेंड की मुख्य वजह वैश्विक कच्चे तेल में आई नरमी रही। अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड लगभग तीन प्रतिशत लुढ़ककर 89.32 डॉलर प्रति बैरल के आसपास आ गया। बाजार जानकारों के मुताबिक, ईरान पर अमेरिकी प्रतिबंधों की सख्ती बाजार के अनुमान से कम रहने के चलते कच्चे तेल और बॉन्ड यील्ड में राहत देखने को मिली। ऊर्जा लागत घटने की उम्मीद और मंथली F&) एक्सपायरी के बीच इस नरमी ने बाजार को मजबूत सहारा दिया। साथ ही विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) की ओर से सोमवार को की गई 1,181.66 करोड़ रुपये की शुद्ध खरीदारी ने भी सेंटीमेंट को मजबूत किया।
टॉप गेनर्स और टॉप लूजर्स स्टॉक
सेंसेक्स की प्रमुख कंपनियों में इंटरग्लोब एविएशन (इंडिगो), अणानी पोर्ट्स, इन्फोसिस, ट्रेंट, टाइटन और भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के शेयरों में जबरदस्त खरीदारी देखी गई। वहीं दूसरी तरफ, इटर्नल, एचसीएल टेक, पावर ग्रिड और बजाज फिनसर्व जैसी कंपनियों के शेयरों में बिकवाली का दबाव बना रहा और ये नुकसान के साथ बंद हुए।
वैश्विक स्तर पर एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की और चीन का शंघाई कंपोजिट बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि हांगकांग के हैंग सेंग में हल्की गिरावट रही। यूरोपीय बाजारों में भी दोपहर के समय मजबूती का रुझान देखा गया।