Share market holiday on 26 January: यूनियन बजट 2026 से ठीक पहले शेयर बाजार वैसे ही तेज उतार-चढ़ाव के दौर से गुजर रहा है, और इसी बीच गणतंत्र दिवस की छुट्टी बाजार की रफ्तार पर एक दिन का ब्रेक लगाने वाली है। निवेशकों और ट्रेडर्स के लिए आने वाला कारोबारी हफ्ता सामान्य से छोटा रहने वाला है, क्योंकि सप्ताह के पहले ही दिन बाजार बंद रहेगा।
26 जनवरी को कारोबार होगा या नहीं?
सोमवार, 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के राष्ट्रीय अवकाश के चलते नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) और बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर किसी तरह की ट्रेडिंग नहीं होगी। इक्विटी से लेकर डेरिवेटिव तक, सभी सेगमेंट में कामकाज पूरी तरह ठप रहेगा। इसके बाद मंगलवार, 27 जनवरी को बाजार अपने तय समय पर दोबारा खुलेगा।
करेंसी और फॉरेक्स ट्रेडर्स को भी रहना होगा बाहर
इस छुट्टी का असर सिर्फ शेयर बाजार तक सीमित नहीं है। करेंसी और फॉरेक्स मार्केट भी 26 जनवरी को पूरी तरह बंद रहेंगे। हालांकि, कमोडिटी ट्रेड करने वालों को थोड़ी राहत मिलेगी। एक्सचेंज कैलेंडर के मुताबिक, कमोडिटी का शाम वाला सत्र अपने निर्धारित समय से शुरू होगा।
शेयर बाजार में इस साल कितनी छुट्टियां?
इस साल 2026 में शनिवार-रविवार के अलावा शेयर बाजार में 16 अतिरिक्त छुट्टियां रहेंगी। गणतंत्र दिवस के बाद अगला बाजार अवकाश 3 मार्च को होगा। फरवरी में वीकेंड को छोड़कर कोई ट्रेडिंग हॉलिडे नहीं है। इसके बाद अप्रैल और मई में दो-दो छुट्टियां रहेंगी, जून और सितंबर में एक-एक दिन बाजार बंद रहेगा, जबकि अक्टूबर और नवंबर में दो-दो छुट्टियां पड़ेंगी। दिसंबर में एक छुट्टी के साथ साल का ट्रेडिंग कैलेंडर खत्म होगा।
पिछले हफ्ता कैसा था शेयर बाजार का हाल?
19 से 23 जनवरी के बीच बाजार में तेज बिकवाली देखने को मिली। FII की लगातार निकासी, डॉलर के मुकाबले रुपये का 92 के स्तर तक फिसलना, और भू-राजनीतिक तनाव ने निवेशकों का मूड बिगाड़ दिया। शुक्रवार को सेंसेक्स 770 अंक टूटकर 81,537 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 241 अंक गिरकर 25,048 पर आ गया। मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में दबाव और भी ज्यादा रहा।