Share market holiday list: नया साल आने में अब कुछ ही दिन बचे हैं। नए साल 2026 के लिए नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) ने मार्केट हॉलिडे कैलेंडर जारी कर दिया है। इस लिस्ट में बताया गया है कि अगले साल शेयर बाजार कुल 15 दिन बंद रहेगा। इसके अलावा चार दिन ऐसे होंगे जो वीकेंड पर पड़ते हैं और ट्रेडिंग नहीं होती।
1 जनवरी 2026 को बाजार खुला या बंद?
नए साल के पहले दिन यानी 1 जनवरी 2026 (गुरुवार) को शेयर बाजार बंद नहीं रहेगा। NSE की लिस्ट के मुताबिक उस दिन ट्रेडिंग होगी।
गौरतलब है कि शेयर बाजार हर साल कुछ तय राष्ट्रीय और धार्मिक त्योहारों पर बंद रहता है। इसके अलावा शनिवार-रविवार को भी नियमित छुट्टी रहती है।
बढ़ सकती है एक दिन की छुट्टी
निवेशकों के बीच चर्चा है कि 2026 में शेयर बाजार की छुट्टियां 15 के बजाय 16 दिन भी हो सकती है। वजह है कि गुरुवार, 15 जनवरी 2026 को बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) का चुनाव होना तय है। ऐसे में माना जा रहा है कि उस दिन सार्वजनिक अवकाश घोषित किया जा सकता है।
दिलचस्प बात यह है कि 2017 में भी BMC चुनाव के दिन छुट्टी का ऐलान किया गया था, इसलिए इस बार भी उम्मीदें बढ़ गई हैं। हालांकि, अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
2026 में मुहूर्त ट्रेडिंग कब होगी?
हर साल दिवाली के मौके पर खास मुहूर्त ट्रेडिंग सेशन आयोजित किया जाता है। साल 2026 में मुहूर्त ट्रेडिंग 8 नवंबर (रविवार) को होगी। हालांकि इसके समय की आधिकारिक घोषणा बाद में की जाएगी। इस दौरान निवेशक नए साल की शुरुआत शुभ मानकर ट्रेडिंग करते हैं।
अगर आप शेयर बाजार में निवेश करते हैं, तो इन छुट्टियों की जानकारी पहले से होना बेहद जरूरी है। इससे आप अपने ट्रेड, निवेश और फंड ट्रांसफर की प्लानिंग सही तरीके से कर सकते हैं और किसी तरह की असुविधा से बच सकते हैं।
डिस्क्लेमर: यह लेख केवल शैक्षिक उद्देश्यों के लिए है। ऊपर दिए गए विचार और सिफारिशें व्यक्तिगत विश्लेषकों या ब्रोकिंग कंपनियों के हैं, न कि मिंट के। हम निवेशकों को सलाह देते हैं कि वे कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले प्रमाणित विशेषज्ञों से जांच करें।