
Eternal Share Price: गुरुवार सुबह भारतीय शेयर बाजार ने मजबूती के साथ शुरुआत की। इस दौरान Eternal के शेयरों की सबसे ज्यादा चर्चा रही। Q3 नतीजों के बाद जिस तरह इटर्नल के शेयर में तेज उछाल देखने को मिला, उसने पूरे बाजार का मूड पॉजिटिव कर दिया। ग्लोबल संकेतों से मिले सपोर्ट के बीच इटर्नल की रैली निवेशकों के लिए दिन की सबसे बड़ी खबर बनकर सामने आई।
आज कारोबार की शुरुआत में सेंसेक्स 550.03 अंकों की तेजी के साथ 82,459.66 पर खुला। वहीं निफ्टी 50 ने भी 186.65 अंकों की बढ़त के साथ 25,344.15 का स्तर छू लिया। बैंकिंग शेयरों में भी खरीदारी दिखी और बैंक निफ्टी 393.95 अंक चढ़कर 59,194.25 पर ओपन हुआ। शुरुआती कारोबार में बाजार का ओवरऑल सेंटिमेंट मजबूत नजर आया।
Q3 रिजल्ट के बाद इटर्नल के शेयर BSE पर 7.33% तक उछलकर ₹304.20 के स्तर तक पहुंच गए। हालांकि, शुरुआती तेजी के बाद हल्की मुनाफावसूली देखने को मिली और सुबह 9:25 बजे के आसपास इटर्नल का शेयर 2.45% की बढ़त के साथ ₹290.35 पर ट्रेड करता नजर आया। इसके बावजूद स्टॉक का ओवरऑल मूड पॉजिटिव बना रहा।
Q3FY26 में इटर्नल ने शानदार फाइनेंशियल परफॉर्मेंस दिखाई। कंपनी का कंसॉलिडेटेड नेट प्रॉफिट साल-दर-साल 73% बढ़कर ₹102 करोड़ पहुंच गया। वहीं ऑपरेशंस से रेवेन्यू में 201% की जबरदस्त उछाल दर्ज की गई और यह ₹16,315 करोड़ रहा। कंपनी के मुताबिक, लाइक-फॉर-लाइक रेवेन्यू ग्रोथ 64% रही, जिसमें क्विक कॉमर्स बिजनेस की बड़ी भूमिका रही।
दिसंबर तिमाही में इटर्नल का कंसॉलिडेटेड EBITDA 28% YoY बढ़कर ₹364 करोड़ हो गया। अगर पिछली तिमाही से तुलना करें तो EBITDA में 63% की सीक्वेंशियल ग्रोथ देखने को मिली। यह आंकड़े बताते हैं कि कंपनी सिर्फ ग्रोथ ही नहीं, बल्कि प्रॉफिटेबिलिटी पर भी फोकस कर रही है।
इटर्नल का फूड डिलीवरी बिजनेस, जिसमें जोमैटो शामिल है, Q3 में मजबूत नजर आया। इस सेगमेंट का एडजस्टेड रेवेन्यू 26% YoY बढ़कर ₹2,413 करोड़ पहुंच गया। नेट ऑर्डर वैल्यू (NOV) में 17% और ग्रॉस ऑर्डर वैल्यू (GOV) में 21% की ग्रोथ दर्ज की गई। सेगमेंट का एडजस्टेड EBITDA भी 26% बढ़कर ₹531 करोड़ रहा और मार्जिन NOV के मुकाबले ऑल-टाइम हाई 5.4% पर पहुंच गया।
क्विक कॉमर्स सेगमेंट में इटर्नल की यूनिट ब्लिंकिट ने सबको चौंकाया। ब्लिंकिट का NOV 121% YoY बढ़ा, जबकि लाइक-फॉर-लाइक NOV ग्रोथ 130% रही। सबसे बड़ी बात यह रही कि पहली बार क्वार्टर बेसिस पर ब्लिंकिट का एडजस्टेड EBITDA पॉजिटिव हुआ और ₹4 करोड़ का प्रॉफिट दर्ज किया गया।
मालूम हो कि इटर्नल के सीईओ दीपिंदर गोयल ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। अब वे कंपनी में बतौर वाईस चेयरमैन और बोर्ड में डायरेक्टर की भूमिका निभाएंगे। कंपनी का कहना है कि यह कदम संभावित कॉन्फ्लिक्ट से बचने और स्ट्रैटेजिक फोकस के लिए उठाया गया है। उनकी जगह अब अलबिंदर ढींडसा लेंगे।
Nuvama Institutional Equities ने इटर्नल के Q3 नतीजों को उम्मीद से बेहतर बताया है। ब्रोकरेज ने फूड डिलीवरी बिजनेस को 40x और क्विक कॉमर्स को 50x adjusted EBITDA पर वैल्यू किया है। नुवामा ने स्टॉक पर ‘Buy’ रेटिंग बरकरार रखते हुए टारगेट प्राइस ₹430 कर दिया है।
वहीं Motilal Oswal Financial Services का मानना है कि फूड डिलीवरी बिजनेस स्टेबल है और ब्लिंकिट लॉन्ग टर्म में रिटेल, ग्रोसरी और ई-कॉमर्स में बड़ा डिसरप्शन ला सकता है। हालांकि, कड़ी प्रतिस्पर्धा को देखते हुए मोतीलाल ओसवाल ने टारगेट प्राइस घटाकर ₹360 कर दिया है, लेकिन ‘Buy’ कॉल बरकरार रखी है।
तिमाही नतीजों के बाद इटर्नल ने यह साफ कर दिया है कि कंपनी ग्रोथ और प्रॉफिटेबिलिटी दोनों मोर्चों पर मजबूत होती जा रही है। ब्लिंकिट का EBITDA पॉजिटिव होना और फूड डिलीवरी में स्थिर मार्जिन निवेशकों के लिए बड़ा संकेत माना जा रहा है। हालांकि, ऊंचे लेवल्स पर वोलैटिलिटी से इनकार नहीं किया जा सकता, इसलिए लॉन्ग टर्म निवेशकों को रणनीति के साथ आगे बढ़ने की जरूरत है।
डिस्क्लेमर: यह लेख केवल शैक्षिक उद्देश्यों के लिए है। ऊपर दिए गए विचार और सिफारिशें व्यक्तिगत विश्लेषकों या ब्रोकिंग कंपनियों के हैं, न कि मिंट के। हम निवेशकों को सलाह देते हैं कि वे कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले प्रमाणित विशेषज्ञों से जांच करें।
Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.