Robert Kiyosaki on Silver: दुनिया के निवेशक और लेखक रॉबर्ट कियोसाकी ने चांदी की कीमतों को लेकर एक बार फिर से बड़ा बयान दिया है, जिसके बाद निवेशकों के बीच हलचल मच गई है। बेस्ट सेलर बुक रिच डैड पुअर डैड के लेखक ने कहा कि चांदी के भाव फिलहाल अपने हाई लेवल पर हो सकेत हैं, लेकिन जल्द ही इनमें एक बड़ा पुलबैक यानी गिरावट देखने को मिल सकती है। उन्होंने कहा कि इस समय स्ट्टेबाजों का एक्शन बढ़ गया है, जिससे कीमतें अस्थायी रूप से प्रभावित हुई हैं।
सिल्वर मार्केट क्रैश का डर
रॉबर्ट कियोसाकी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर निवेशकों को आगाह करते हुए कहा कि चांदी की हालिया रैली ने बड़ी संख्या में सट्टेबाजों को अपनी ओर आकर्षित किया है। उन्होंने कहा कि जब मार्केट में बहुत अधिक सट्टेबाजी होने लगती है, तब अचानक बिकवाली का दौर शुरू होता है। इससे कीमतें तेजी से नीचे गिरती हैं।
कियोसाकी ने इसे मार्केट क्रैश बताते हुए कहा कि चांदी के फिर से ऊपर चढ़ने से पहले एक बड़ी गिरावट आना तय है। उनके मुताबिक, यह उतार-चढ़ाव उन लोगों के लिए खतरनाक हो सकता है जो बिना सोचे-समझे केवल तेजी देखकर पैसा लगा रहे हैं। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि बड़े पैमाने पर होने वाली बिकवाली चांदी के बाजार को अस्थाई रूप से धराशायी कर सकती है।
निवेशकों को दी ये नसीहत
कियोसाकी ने अपने रिच डैड पुअर डैड की पुरानी नसीहत Pigs get fat, hogs get slaughtered का भी जिक्र किया। इसका मतलब होता है कि लालची लोग कुछ समय के लिए फायदा कमा सकते हैं, लेकिन बहुत अधिक लालच करने वाले अंततः मारे जाते हैं। कियोसाकी के मुताबिक, एक समझदार निवेशक वही है जो मार्केट सेंटीमेंट्स में बहने के बजाय धैर्य और अनुशासन से काम ले।
चांदी पर कियोसाकी का पुराना भरोसा
कियोसाकी ने शॉर्ट टर्म में चांदी की कीमतों में गिरावट की बात कही हो, लेकिन चांदी को लेकर उनका लॉन्गटर्म नजरिया बेहद पॉजिटिव है। उन्होंने अपने इन्वेस्टमेंट जर्नी को शेयर करते हुए कहा कि पहली बार उन्होंने 1960 के दशक में केवल 1 डॉलर प्रति औंस के रेट पर चांदी खरीदी थी। 1990 के आसपास जब इसकी कीमत 4 से 5 डॉलर के करीब पहुंची, तब उनका विश्वास इस मेटल पर और मजबूत हो गया। आज वह इस एसेट के इतने बड़े समर्थक हैं कि वे 100 डॉलर प्रति औंस की कीमत पर भी चांदी खरीदने को तैयार हैं।