Silver price today: नए साल की शुरुआत में जब चांदी रिकॉर्ड स्तरों तक पहुंची, तब निवेशकों में जबरदस्त उत्साह दिखा। लेकिन अब तस्वीर थोड़ी बदली हुई नजर आ रही है। गुरुवार, 8 जनवरी को चांदी की कीमतों में ज्यादा हलचल नहीं दिखी। MCX से लेकर इंटरनेशनल मार्केट तक, चांदी फिलहाल संतुलन तलाशती दिख रही है।
MCX पर चांदी की कीमत
गुरुवार को MCX पर चांदी करीब 1 फीसदी तक फिसलती दिखी और ₹2.50 लाख प्रति किलो के नीचे आ गई। कारोबार के दौरान चांदी ने ₹2,48,163 का निचला स्तर और ₹2,51,889 का ऊपरी स्तर छुआ। दिन के आखिर में मुनाफावसूली तेज हो गई, जिससे चांदी करीब ₹7,300 टूटकर ₹2,51,500 प्रति किलो के आसपास बंद हुई।
विदेशी बाजारों में क्या हो रहा है?
अंतरराष्ट्रीय बाजार की बात करें तो COMEX पर चांदी ने सुबह गैप-अप ओपनिंग दी थी और करीब 1.5 फीसदी की तेजी के साथ $78.875 प्रति औंस तक पहुंच गई। हालांकि, ऊपरी स्तरों पर टिक नहीं पाई और बाद में हल्की बढ़त के साथ $77.78 प्रति औंस के आसपास ट्रेड करती नजर आई। इससे साफ है कि ग्लोबल लेवल पर भी निवेशक सतर्क हैं।
कीमतों में नरमी का कारण
मेहता इक्विटीज के राहुल कालांतरि के मुताबिक, अमेरिका से आए मजबूत रोजगार आंकड़ों के बाद डॉलर में मजबूती आई, जिसका सीधा असर सोने-चांदी पर पड़ा। हालांकि कमजोर JOLTS जॉब ओपनिंग्स ने निचले स्तर पर थोड़ी सपोर्ट दी। यानी बाजार में उतार-चढ़ाव तो है, लेकिन दिशा को लेकर अभी स्पष्टता नहीं है।
क्या अभी है निवेश करने का सही समय
Ya Wealth के अनुज गुप्ता का कहना है कि COMEX सिल्वर $79 पर छोटी और $82 पर बड़ी रुकावट का सामना कर रही है। $79 के ऊपर क्लोजिंग होने पर $82 तक तेजी संभव है। $82 के ऊपर निकलने पर कीमत $90 प्रति औंस तक जा सकती है। वहीं क्लाइंट एसोसिएट्स ने फिलहाल नई खरीदारी से बचने की सलाह दे रहे हैं, क्योंकि मौजूदा स्तरों पर जोखिम ज्यादा नजर आ रहा है।
टेक्निकल आउटलुक
तकनीकी तौर पर देखें तो अंतरराष्ट्रीय बाजार में चांदी के लिए $75 के आसपास सपोर्ट और $80–82 के पास रेजिस्टेंस माना जा रहा है। MCX पर ₹2,46,000 के आसपास मजबूत सपोर्ट है, जबकि ऊपर की तरफ ₹2,55,000 से ₹2,58,000 का जोन बड़ी चुनौती बना हुआ है।
चांदी में हालिया तेजी के बाद अब बाजार ठहराव के दौर में है। ऐसे में जल्दबाजी से बचना और साफ ब्रेकआउट का इंतजार करना ज्यादा समझदारी भरा कदम माना जा रहा है।
डिस्क्लेमर: यह लेख केवल शैक्षिक उद्देश्यों के लिए है। ऊपर दिए गए विचार और सिफारिशें व्यक्तिगत विश्लेषकों या ब्रोकिंग कंपनियों के हैं, न कि मिंट के। हम निवेशकों को सलाह देते हैं कि वे कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले प्रमाणित विशेषज्ञों से जांच करें।