
Smallcap Stocks Red Flags Before Investing: शेयर बाजार में अक्सर नए निवेशकों को स्मॉलकैप स्टॉक्स बहुत आकर्षक लगते हैं, लेकिन ये काफी जोखिम भरे हो सकते हैं। आजकल हर कोई रातों-रात लखपति बनने का सपना देख रहा है। इस सपने को पूरा करने के लिए सस्ते शेयर यानी स्मॉलकैप (Smallcap Stocks) और पेनी स्टॉक्स (Penny Stocks) सबसे आसान विकल्प नजर आते हैं। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि 2 या 5 रुपये का दिखने वाला शेयर आपकी पूरी कैपिटल को जीरो भी कर सकता है?
दरअसल, मार्केट की मौजूदा स्थिति में स्मॉलकैप शेयरों में निवेश करना फायदा और नुकसान दोनों का सौदा है। अगर आप भी केवल कम कीमत देखकर किसी कंपनी के शेयर खरीद रहे हैं, तो रुक जाइए। निवेश से पहले कुछ खतरों के बारे में जरूर जान लेना चाहिए। ये आपके पोर्टफोलियो का बैलेंस बिगाड़ने से बचा सकते हैं।
साल 2025 में भारी दबाव के बाद 2026 भी निफ्टी स्मॉलकैप इंडेक्स के लिए चुनौतीपूर्ण साबित हो रहा है। नए साल के पहले सप्ताह में लगभग 2 प्रतिशत तक लुढ़क गया। कुछ स्टॉक्स में 10 से 20 प्रतिशत तक की गिरावट देखने को मिली। अगर पिछले साल 2025 में निफ्टी स्मॉलकैप 100 के प्रदर्शन को देखें, तो यह साल काफी उतार-चढ़ाव भरा रहा। साल 2023 और 2024 की ऐतिहासिक तेजी के बाद 2025 में मार्केट में एक बड़ा करेक्शन देखने को मिला। इसके साथ ही शेयरों की वैल्यूएशन भी काफी गिर गई। साल 2025 में 7 प्रतिशत से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई थी। वहीं, 2024 में इंडेक्स ने 24% और 2023 में 55% से ज्यादा की शानदार ग्रोथ दर्ज की थी।
स्मॉलकैप सेगमेंट में सबसे बड़ा भ्रम शेयर प्राइस को लेकर होता है। निवेशक अक्सर सोचते हैं कि 500 रुपये का शेयर खरीदना महंगा है और 10 रुपया का शेयर सस्ता, जबकि असलियत इससे ठीक उलट है। किसी भी कंपनी में पैसा लगाने से पहले उसकी बैलेंस शीट को देखना बेहद जरूरी होता है। बड़ा खतरा तब होता है जब कंपनी के शेयर की कीमत तो बढ़ रही हो, लेकिन उसके मुनाफे और सेल्स में कोई ग्रोथ न दिखे।
कई बार ऑपरेटरों के खेल की वजह से खराब फंडामेंटल वाली कंपनियों के दाम जान-बूझकर बढ़ा दिए जाते हैं। अगर कंपनी लगातार घाटे में है या उसका कर्ज लगातार बढ़ रहा है, तो वह शेयर एक वैल्यू ट्रैप हो सकता है। एक अच्छे निवेशक को हमेशा यह देखना चाहिए कि क्या कंपनी के पास भविष्य के लिए कोई सॉलिड बिजनेस मॉडल है या वह केवल कागजों पर चल रही है।
इसके साथ ही आप जिस कंपनी में निवेश कर रहे हैं उसके प्रमोटर्स होल्डिंग जरूर देखनी चाहिए। स्मॉलकैप कंपनी में निवेश करने से पहले यह देखना बेहद जरूरी होता है कि उसके प्रमोटर्स ने अपने कितने शेयर गिरवी रखे हैं। अगर प्रमोटर्स की अपनी हिस्सेदारी लगातार कम हो रही है या उनका ज्यादातर शेयर कर्ज लेने के लिए गिरवी रख दिए हैं, तो यह बहुत बड़े जोखिम का संकेत है। हालांकि, कई बार प्रमोटर्स कर्ज को कम करने के लिए भी अपनी हिस्सेदारी बेच देते हैं।
इसके अलावा, स्मॉलकैप और पेनी स्टॉक्स में हमेशा लिक्विडिटी की कमी बनी रहती है। लॉर्जकैप शेयरों में जब आप चाहें बाहर निकल सकते हैं। लेकिन स्मॉलकैप में ऐसा हमेशा संभव नहीं होता है। एक बार इन शेयरों में लोअर सर्किट लगना एक बार शुरू होता है, तो कई कारोबारी सत्रों तक लगातार लगता ही रहता है। इससे निवेशकों के लिए बाहर निकलना भारी नुकसान का सौदा साबित हो सकता है। इसलिए निवेश से पहले उसे शेयर के एवरेज डेली ट्रेडिंग वॉल्यूम को जरूर चेक करें।
Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.