
Stock Market Closing Bell: भारत-अमेरिका के बीच अंतरिम व्यापार समझौते और ग्लोबल लेवल पर मिले पॉजिटिव संकेतों के बीच आज शेयर बाजार में तेजी देखने को मिली। सोमवार को BSE बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स 485.35 अंक या 0.58 प्रतिशत की बढ़त के साथ 84,065.75 अंक पर बंद हुआ। वहीं, NSE बेंचमार्क इंडेक्स निफ्टी (Nifty 50) 173.60 अंक या 0.68 प्रतिशत ऊपर चढ़कर 25,867.30 के लेवल पर बंद हुआ।
शनिवार, 7 जनवरी को भारत और अमेरिका के बीच अंतरिम ट्रेड डील पर दोनों देशों की तरफ से साझा बयान जारी किया गया था। इस खबर से निवेशकों का सेंटीमेंट मजबूत हुआ और आज बाजार में तेजी देखी गई। बाजार में आज चौतरफा खरीदारी रही। मिडकैप और स्मॉलकैप कंपनियों में निवेशकों ने ज्यादा विश्वास दिखाया। निफ्टी मिडकैप इंडेक्स 1.33 प्रतिशत चढ़कर बंद हुआ, जबकि स्मॉलकैप-100 इंडेक्स 2.64 प्रतिशत की बढ़त में रहा। वहीं, सभी सेक्टोरल इंडेक्स हरे निशान में बंद होने में कामयाब रहे। PSU Bank, फाइनेंशियल, मीडिया, मेटल, फार्मा, रियलटी, हेल्थ, कंज्यूमर प्रोडक्ट्स और केमिकल सेक्टर के सभी इंडेक्सों में तेजी रही।
सेंसेक्स में शामिल सभी 30 कंपनियों में सबसे अधिक भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के शेयरों में तेजी दर्ज की गई। आज के ट्रेडिंग में ये 7.46% की जोरदार बढ़त के साथ बंद हुए। इसके बाद टाइटन कंपनी के शेयरों में 2.78% का उछाल आया है, जबकि टाटा स्टील के शेयर 2.56% चढ़कर बंद हुए। वहीं, अल्ट्राटेक सीमेंट में 2.25% और इटर्नल (Zomato) में 1.91% की तेजी आई है।
दूसरी तरफ, सबसे अधिक गिरावट पावर ग्रिड के शेयरों में आई है। यह 1.11 प्रतिशत लुढ़ककर बंद हुआ। इसके बाद ITC के शेयर 1.07% कमजोर होकर बंद हुए, जबकि NTPC में 0.89% की गिरावट दर्ज की गई है। वहीं, ICICI Bank के शेयर 0.68% लुढ़ककर बंद हुए, जबकि इन्फोसिस के शेयर 0.65% की गिरावट के साथ बंद हुए।
रेलिगेयर ब्रोकिंग लिमिटेड में SVP रिसर्च अजीत मिश्रा ने कहा, 'सोमवार को मार्केट में जबरदस्त जोश दिखा और दिन भर अच्छी तेजी बनी रही। ग्लोबल मार्केट्स से मिले अच्छे संकेतों और भारत-अमेरिका के बीच होने वाले संभावित अंतरिम ट्रेड डील की खबर ने निवेशकों का मूड बना दिया। उन्होंने आगे कहा कि निफ्टी ने सुबह ही 25,800 के पार छलांग लगाई और पूरे दिन मजबूती के साथ कारोबार करते हुए 25,867.30 पर बंद हुआ। रियल्टी, मेटल और फार्मा जैसे सेक्टर सबसे ज्यादा चमके। मिडकैप और स्मॉलकैप में भी अच्छी खरीदारी हुई।
अजीत मिश्रा ने आगे कहा कि भारत और अमेरिका के बीच टैरिफ कम करने और आर्थिक सहयोग बढ़ाने वाली डील करीब आ गई है। इस खबर ने बाजार से एक बड़ा डर खत्म कर दिया और हर तरफ नई खरीदारी शुरू हो गई। एशियाई बाजारों में भी सपोर्टिव माहौल रहा, जिसने घरेलू बाजार को और ताकत दी। अब निफ्टी 26,000 के लेवल को दोबारा टेस्ट करने की ओर बढ़ रहा है। अगर यह लेवल तोड़ देता है तो नया ऑलटाइम हाई बनना तय माना जा रहा है।
Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.