
Stock Market Closing Bell 10 Feb 2026: शेयर बाजार में मंगलवार, 10 फरवरी को लगातार तीसरे दिन उछाल दर्ज किया गया। पॉजिटिव ग्लोबल संकेतों के बीच आज भी सेंसेक्स और निफ्टी (Nifty 50) हरे निशान में बंद होने में कामयाब रहे। आज के कारोबार में सेंसेक्स 208 अंकों या 0.25% के उछाल के साथ 84,273.92 के लेवल पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 68 अंक या 0.26% चढ़कर 25,935.15 के स्तर पर बंद हुआ। मिडकैप और स्मॉलकैप सेगमेंट ने भी अच्छी तेजी दिखाई। BSE 150 मिडकैप इंडेक्स 0.21% चढ़कर बंद हुआ, जबकि BSE 250 स्मॉलकैप इंडेक्स ने 0.46% की बढ़ोतरी दर्ज की। सेक्टोरल इंडेक्सों में ऑटो, मीडिया, मेटल, रियलटी और ऑयल एंड गैस में खरीदारी हुई, जबकि फार्मा, हेल्थ, केमिकल और पब्लिक सेक्टर बैंक में बिकवाली हावी रही।
सेंसेक्स में शामिल सभी 30 कंपनियों में सबसे अधिक इटर्नल (Zomato) के शेयरों ने तेजी दर्ज की। आज ये 5.19% की बढ़ोतरी के साथ बंद हुए, जबकि टाटा स्टील के शेयरों में 2.89% का उछाल आया है। इसके बाद M&M के शेयरों में 1.79% और पावर ग्रिड के शेयरों में 1.69% की अच्छी बढ़त देखने को मिली है। वहीं, टेक महिंद्रा के शेयरों में 1.66% का उछाल दर्ज किया गया है।
दूसरी तरफ, गिरावट वाले शेयरों में सबसे ऊपर HCL Tech का नाम रहा। इसके शेयर 1.86% लुढ़ककर बंद हुए, जबकि बजाज फाइनेंस में 1.80% की गिरावट आई है। इसके बाद भारती एयरटेल में 1.36% और एशियन पेंट्स में 0.77% की गिरावट दर्ज की गई है। वहीं, HDFC Bank के शेयर 0.55% लुढ़ककर बंद हुए।
रेलिगेयर ब्रोकिंग लिमिटेड में SVP रिसर्च अजीत मिश्रा ने कहा, 'वीकली एक्सपायरी के बावजूद मार्केट ज्यादा ऊपर-नीचे नहीं हुआ, बल्कि थोड़ा-बहुत ऊपर बंद हुआ। पिछले कुछ दिनों से चल रही तेजी का सिलसिला जारी रहा। निफ्टी सुबह अच्छे ग्लोबल संकेतों के साथ ऊपर खुला और 26,000 के आसपास पहुंच गया, लेकिन वहां से आगे नहीं बढ़ सका। दिनभर के रेंज ट्रेड के बाद आखिर में 25,935 के पास बंद हुआ।
सेक्टर्स में मिला-जुला रुख रहा। ऑटो, मेटल और रियलटी में अच्छी खरीदारी दिखी, जबकि फार्मा, बैंकिंग और एनर्जी वाले सेक्टर थोड़े कमजोर रहे। मिडकैप और स्मॉलकैप में भी अच्छी भागीदारी रही, जिससे बाजार को मजबूती मिली। ग्लोबल बाजारों खासकर अमेरिकी बाजार के अच्छे प्रदर्शन और विदेशी संस्थागत निवेशकों की तरफ से आने वाले फंड्स ने माहौल को सपोर्ट किया। साथ ही कुछ कंपनियों के तिमाही नतीजे और खास स्टॉक्स में हुई हलचल ने भी निवेशकों का भरोसा बनाए रखा।
उन्होंने आगे कहा कि हमारा नजरिया निफ्टी पर अभी भी बुलिश है। हम लगातार गिरावट पर खरीदारी करने की सलाह दे रहे हैं, लेकिन स्टॉक चुनते वक्त बहुत सावधानी बरतें। अभी कुछ दिन 25,900-26,000 के रेंज में कंसोलिडेशन हो सकता है। उसके बाद ही निफ्टी 26,000 को तोड़कर ऊपर जाने की कोशिश करेगा। इसलिए निवेशक अभी भी सलेक्टिव रहें, उन सेक्टर्स पर फोकस करें जहां रोटेशन से ताकत दिख रही है।
Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.