Stock Market Closing on 6 November: शेयर बाजार में गुरुवार को भी दबाव देखने को मिला। निफ्टी आईटी और निफ्टी ऑटो इंडेक्स को छोड़कर लगभग सभी इंडेक्स लाल निशान में बंद हुए। गुरुवार को BSE बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स 90.33 अंक या 0.10 प्रतिशत लुढ़ककर 83,368.82 के लेवल पर बंद हुआ, जबकि NSE बेंचमार्क इंडेक्स निफ्टी 50 इंडेक्स 77.71 अंक या 0.30 प्रतिशत कमजोर होकर 25,519.95 के लेवल पर बंद हुआ।
निफ्टी टेक्निकल व्यू
LKP सिक्योरिटीज में सीनियर टेक्निकल एनालिस्ट रूपक डे ने कहा, निफ्टी डेली चार्ट पर 21 EMA से नीचे फिसल गया, जो कमजोरी दिखा रहा है। हालांकि, ये इंडेक्स पिछले स्विंग हाई के सपोर्ट तक गिरा है, जो करीब 25,450 के आसपास है। आगे चलकर अगर इंडेक्स 25,450 से नीचे चला गया तो शॉर्ट टर्म ट्रेंड और कमजोर हो सकता है। दूसरी तरफ, अगर ये 25,450 के ऊपर टिका रहा तो बड़ा ट्रेंड रिवर्सल हो सकता है।
इन फैक्टर्स का दिखा असर
जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड में रिसर्च हेड विनोद नायर ने कहा, घरेलू बाजार में उतार-चढ़ाव का माहौल रहा। ज्यादातर सेक्टरों में मुनाफावसूली हुई क्योंकि विदेशी निवेशक (FII) लगातार पैसे निकाल रहे हैं, भले ही एशियाई बाजार सहयोग दे रहे हों। शुरुआत में चार भारतीय कंपनियों के MSCI ग्लोबल स्टैंडर्ड इंडेक्स में शामिल होने और अमेरिका के मजबूत आर्थिक आंकड़ों से थोड़ी खुशी थी, लेकिन घरेलू PMI के कमजोर आंकड़ों ने इसे बेअसर कर दिया। इससे बाजार का मूड नरम पड़ गया। ज्यादातर सेक्टर नीचे रहे, लेकिन IT कंपनियां मजबूत रहीं क्योंकि उनकी कमाई उम्मीद के अनुकूल रही और अमेरिकी आंकड़े बेहतर आए। कुल मिलाकर सतर्कता के बीच, दूसरी तिमाही में उम्मीद से अच्छी कमाई वाली मजबूत कंपनियों में चुनिंदा खरीदारी हुई।
आज के टॉप गेनर्स स्टॉक
सेंसेक्स में शामिल सभी कंपनियों में सबसे ज्यादा उछाल एशियन पेंट्स के शेयरों में देखने को मिला है। यह आज के कारोबार में 4.7 प्रतिशत के उछाल के साथ बंद हुआ। वहीं, रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में 1.57 प्रतिशत उछाल दर्ज किया गया। इसके बाद महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयरों में 1.05 प्रतिशत और अल्ट्राटेक सीमेंट 0.77 प्रतिशत मजबूत होकर बंद हुए। इसके बाद टीसीएस के शेयर 0.70 प्रतिशत चढ़कर बंद हुए।
आज के टॉप लूजर्स स्टॉक
दूसरी ओर, सबसे अधिक गिरावट पावर ग्रिड के शेयरों में देखने को मिली है। यह 3.18 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुआ। वहीं, इटरनल में 2.51 और बजाज फाइनेंस में 1.43 प्रतिशत की गिरावट आई है। इसके बाद ICICI Bank 1.24 प्रतिशत और NTPC में 1.20 प्रतिशत की गिरावट आई है।