
Stock Market Crash Today 9 March 2026: शेयर बाजार में सोमवार, 9 मार्च को जोरदार गिरावट देखी जा रही है। मार्केट खुलते ही सेंसेक्स और निफ्टी 50 इंडेक्स ताश के पत्तों की तरह धाराशायी हो गए। शेयर बाजार में यह बिकवाली मिडिल ईस्ट में अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच तेज होते संघर्ष से कच्चे तेल की कीमतों में भारी उछाल और ग्लोबल मार्केट्स में गिरावट के बाद बाद हावी हुई है। सेंसेक्स आज 1,862 अंक टूटकर 77,056.75 पर खुला। कुछ मिनट बाद गिरावट और बढ़ गई और यह 2,345.89 अंकों की गिरावट के साथ 76,573.01 के इंट्राडे लो पर पहुंच गया। इसी तरह निफ्टी 50 इंडेक्स 583 अंकों की कमजोरी के साथ 23,868.05 पर कामकाज के लिए खुला। लेकिन कुछ देर बाद 711.25 अंक लुढ़ककर 23,739.2 के लेवल पर आ गया।
आज के कारोबार में सुबह लगभग 11 बजे सभी सेक्टोरल इंडेक्स लाल निशान में कामकाज कर रहे थे। इस दौरान सबसे ज्यादा निफ्टी पीएसयू बैंक 5.11 प्रतिशत की भारी गिरावट के साथ कोराबर कर रहा था। इसके बाद निफ्टी ऑटो इंडेक्स में भी लगभग 4.5 प्रतिशत की गिरावट देखी जा रही थी। इसके बाद बैंक निफ्टी इंडेक्स 3.56 फीसदी लुढ़ककर कारोबार कर रहा था। वहीं, निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज में 3.12 प्रतिशत की गिरावट आई। इसके अलावा, बाकी इंडेक्स लगभग 1.5 फीसदी से लेकर 2 फीसदी के बीच गिरावट के साथ ट्रेड कर रहे थे।
बता दें कि आज के कारोबार में निफ्टी 50 इंडेक्स पैक से HCL Tech और Wipro को छोड़कर थस्टॉक्स लाल निशान में कामकाज कर रहे हैं। HCL Tech 0.46% के उछाल के साथ ट्रेड कर रहा है, जबकि WIpro के शेयर 0.41% चढ़कर कारोबार कर रहे हैं। सबसे ज्यादा गिरावट वाले 5 शेयरों की बात करें, तो इस दौरान Indigo के शेयर 5.96% लुढ़ककर ट्रेड कर रहे हैं, जबकि भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के शेयरों में 5.38% की गिरावट आई है। इसके बाद श्री राम फाइनेंस के शेयर 5.33 % और टाटा मोटर्स पैसेंजर्स व्हीकल्स के शेयर 5.20 % लुढ़ककर ट्रेड कर रहे थे। वहीं, महिंद्रा एंड महिंद्रा में 4.70% की गिरावट देखी जा रही है।
सोमवार को शेयर बाजार में डर मापने वाले इंडेक्स में भारी बढ़ोतरी हुई है। यह एक झटके में 22% उछलकर 24.24 के स्तर पर पहुंच गया। इससे पता चलता है कि निवेशकों के बीच काफी अफरा-तफरी मची हुई है। पिछले कुछ सत्रों में VIX में लगातार तेजी आई है, जिससे ट्रेडर्स और निवेशक सतर्क हो गए हैं। ऐसे में मार्केट एक्सपर्ट्स का कहना है कि फिलहाल सावधानी बरतना ही बेहतर रहेगा। वोलेटिलिटी के इस स्तर पर अचानक बड़े मूवमेंट आ सकते हैं।
शेयर बाजार में आज की इस भारी बिकवाली से निवेशकों को भारी नुकसान हुआ है। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर लिस्टेड सभी कंपनियों के मार्केट कैपिटल में 15 लाख करोड़ रुपये की गिरावट आई है। इसके बाद यह 450 लाख करोड़ रुपये से गिरकर 435 लाख करोड़ रुपये हो गया।
जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स के रिसर्च हेड विनोद नायर के मुताबिक जियो-पॉलिटिकल टेंशन बढ़ने से निवेशक सुरक्षित निवेश की ओर बढ़ रहे हैं और बाजार में सतर्कता बरत रहे हैं। उन्होंने कहा, “निवेशक अब पारंपरिक सुरक्षित ठिकानों की ओर रुख कर रहे हैं और ज्यादा साफ स्थिति का इंतजार कर रहे हैं। हम उम्मीद करते हैं कि होर्मुज जलडमरूमध्य पर नियंत्रण को लेकर भरोसा मिलने से बाजार का मूड स्थिर हो जाएगा।”
वहीं, जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स के चीफ इन्वेस्टमेंट स्ट्रैटजिस्ट वीके विजयकुमार ने कहा, "ब्रेंट क्रूड ऑयल की कीमत 115 डॉलर के पार चली गई है, जिससे अर्थव्यवस्थाओं और शेयर बाजारों को बड़ा झटका लगा है। भारत जैसे बड़े तेल आयातक देशों को अगर मिडिल ईस्ट का यह संघर्ष लंबा खिंचा तो भारी नुकसान होगा और कच्चा तेल महंगा बना रहेगा। बाजार अब इस तेल संकट के आर्थिक असर को भाव दे रहा है। उन्होंने आगे कहा कि तेल की कीमतों में बढ़ोतरी का असर चाहे उपभोक्ताओं पर पड़े या नहीं, लेकिन महंगाई बढ़ेगी।"
डिस्क्लेमर: यह आर्टिकल केवल जानकारी के लिए है। ऊपर दिए गए विचार और सिफारिशें, व्यक्तिगत विश्लेषकों या ब्रोकिंग कंपनियों के हैं, न कि मिंट के। हम निवेशकों को सलाह देते हैं कि वे कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले प्रमाणित विशेषज्ञों से जांच करें।
Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.