
Stock Market Crash Today 21 Jan: भारतीय शेयर बाजार में बियर्स की पकड़ काफी मजबूत हो चुकी है। स्टॉक मार्केट में पिछले तीनों दिनों से भारी बिकवाली देखने को मिल रही है, जिससे निवेशकों के अरबों रुपये डूब गए हैं। बुधवार, 21 जनवरी को भी शुरुआती कारोबार में भारी सेलिंग देखी गई है, जिससे सेंसेक्स लगभग 1000 अंकों तक नीचे गिर गया, जबकि निफ्टी 50 इंडेक्स 25,000 के मजबूत सपोर्ट लेवल को तोड़ दिया। आज के कारोबार में बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स 81,124 तक लुढ़क गया, जबकि निफ्टी 50 इंडेक्स 24,919 के लेवल पर आ गया था।
अगर पिछले तीन दिनों के कारोबार पर नजर डालें, तो सेंसेक्स 2400 अंकों से ज्यादा या 3% की भारी गिरावट दर्ज कर चुका है। वहीं, निफ्टी 50 इंडेक्स (Nifty 50) भी करीब 3% नीचे आ गया है। इन तीन ट्रेडिंग सेशन के दौरान निवेशकों को लगभग 18 लाख करोड़ रुपये का भारी नुकसान हुआ है। दरअसल, बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर लिस्टेड सभी कंपनियों के मार्केट कैपिटल शुक्रवार को 468 लाख करोड़ रुपये था, जबकि आज यह घटकर 450 लाख करोड़ रुपये हो गया है।
शेयर बाजार धाराशायी होने की सबसे बड़ी वजह ग्लोबल स्तर पर बढ़ती चिंताएं हैं। दरअसल, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ग्रीनलैंड को खरीदने की जिद पर अड़े हुए हैं। वहीं, उनके इस एजेंडे का विरोध करने वाले यूरोपीय देशों पर 10 प्रतिशत से 25 प्रतिशत तक टैरिफ थोपने की धमकी दे रहे हैं। ट्रंप के इस जिद से अमेरिका और यूरोपीय संघ के बीच ट्रेड वॉर की आशंका बढ़ गई है। ऐसे में निवेशक जोखिम उठाने के बजाय सुरक्षित निवेश की तरफ भाग रहे हैं।
इसके अलावा, बुधवार 21 जनवरी को भारतीय मुद्रा रुपया भी लुढ़ककर रिकॉर्ड लो लेवल पर पहुंच गया। ब्लूमबर्ग के मुताबिक, रुपया लगातार 6वें दिन की कमजोरी के साथ 91.34 प्रति डॉलर तक पहुंच गया। डॉलर के मुकाबले रुपए में यह अब तक की सबसे बड़ी गिरावट है।
वहीं, भारतीय शेयर बाजार से विदेशी निवेशकों की बिकवाली जारी है। मंगलवार, 20 जनवरी को विदेशी संस्थागत निवेशकों (FIIs) ने लगभग 2,938 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। हालांकि, घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) ने 3,666 करोड़ रुपये की खरीदारी की। महीने की बात करें तो अब तक FII ने 29,086 करोड़ रुपये बेचे हैं, जबकि DII ने 37,741 करोड़ रुपये की खरीदारी की है।
स्टॉक मार्केट के लिए घरेलू मोर्चे पर भी कोई ट्रिगर नहीं दिख रहा है। कॉर्पोरेट अर्निंग्स ने भी निवेशकों को कोई खास राहत नहीं दी है। रिलायंस इंडस्ट्रीज, ICICI Bank और HDFC Bank जैसी दिग्गज कंपनियों ने उम्मीद के हिसाब से प्रदर्शन नहीं किया है ,जिससे निवेशकों का सेंटीमेंट खराब हो गया है। कई ब्रोकरेज हाउस का कहना है कि अब ज्यादा बढ़त की गुंजाइश नहीं बची है, वैल्यूएशन बहुत महंगा हो चुका है।
Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.