Stock Market Fall Today: अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उछाल से भारतीय शेयर बाजारों में बुधवार को बिकवाली हावी रही। बुधवार को सेंसेक्स 600 अंकों से ज्यादा टूट गया। आज सुबह सेंसेक्स 109.08 अंक की बढ़त के साथ 78,263.33 अंक पर खुला, लेकिन खुलते ही लाल निशान में चला गया। धीरे-धीरे इसकी गिरावट और बढ़ती गई। खबर लिखे जाते समय यह 630.86 अंक या 0.81 प्रतिशत लुढ़ककर 77,523.39 अंक पर था। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी-50 इंडेक्स 24,472.45 अंक पर लगभग स्थिर खुला। खबर लिखे जाते समय यह 199.05 अंक या 0.81 प्रतिशत फिसलकर 24,272.65 अंक पर कारोबार कर रहा था।
इस वजह से आई गिरावट
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल में तेजी आई है। लंदन का ब्रेंट क्रूड फ्यूचर्स 0.4 प्रतिशत टूटकर 89 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर बना हुआ है। इससे भारतीय शेयर बाजारों में निवेशकों का सेंटीमेंट प्रभावित हुआ है। निफ्टी मिडकैप-50 इंडेक्स 0.46 फीसदी और स्मॉलकैप-100 इंडेक्स 0.21 प्रतिशत नीचे ट्रेड कर रहा है।
सेक्टोरल इंडेक्स भी लाल निशान में
सेक्टरों पर आधारित इंडेक्सों में PSU बैंक और मेटल को छोड़कर अन्य सभी ग्रुप में बिकवाली देखी जा रही है। निफ्टी आईटी फिलहाल 2 प्रतिशत से अधिक की गिरावट में है। FMCG, ड्यूरेबल कंज्यूमर प्रोडक्ट्स और रियल्टी ग्रुप से इंडेक्स एक फीसदी से ज्यादा टूट गये हैं। मीडिया, फाइनेंस, प्राइवेट बैंकों, फार्मा, ऑयल एंड गैस, हेल्थ और केमिकल ग्रुप के इंडेक्स भी लाल निशान में रहे।
सेंसेक्स के इन शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट
सेंसेक्स की कंपनियों में TCS का शेयर लगभग पांच प्रतिशत टूट गया। इसके बाद, टाटा स्टील और टाइटन के शेयर 2 प्रतिशत से अधिक लुढ़क गए। इंफोसिस, महिंद्रा एंड महिंद्रा और अडानी पोर्ट्स भी एक से दो प्रतिशत तक नीचे रहे। भारतीय स्टेट बैंक (SBI) का शेयर करीब एक प्रतिशत की बढ़त में है।