
Share market Closing: केंद्रीय बजट 2026 से ठीक पहले शुक्रवार को शेयर बाजार की रफ्तार पर ब्रेक लग गया। लगातार तीन कारोबारी सत्रों की तेजी के बाद निवेशकों ने मुनाफा निकालना बेहतर समझा, जिसका असर सीधे सेंसेक्स और निफ्टी पर दिखा।
कारोबार के अंत में सेंसेक्स 297 अंकों की गिरावट के साथ 82,269.78 पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 50 भी 98 अंक फिसलकर 25,320.65 के स्तर पर आ गया। एक्सपर्ट्स का कहना है कि बजट से पहले निवेशक आमतौर पर बड़े दांव लगाने से बचते हैं और हालिया तेजी के बाद कुछ शेयरों में प्रॉफिट बुकिंग करते हैं। यही वजह है कि बाजार ने इस बार हल्की कमजोरी के साथ हफ्ते का आखिरी कारोबारी दिन खत्म किया।
अब निवेशकों की नजरें रविवार, 1 फरवरी को पेश होने वाले बजट पर टिकी हैं, जहां से बाजार को आगे की दिशा मिल सकती है।
जहां बड़े शेयरों में दबाव दिखा, वहीं मिड और स्मॉलकैप सेगमेंट ने बेहतर प्रदर्शन किया। बीएसई 150 मिडकैप इंडेक्स मामूली 0.09 फीसदी की गिरावट के साथ बंद हुआ, जबकि बीएसई 250 स्मॉलकैप इंडेक्स 1.25 फीसदी की तेजी के साथ बंद होकर बाजार की कमजोरी को चुनौती देता नजर आया।
आज बाजार में आई गिरावट की सबसे बड़ी वजह बजट 2026 से पहले बड़े शेयरों में मुनाफावसूली रही। निवेशकों ने कुछ चुनिंदा हैवीवेट शेयरों में तेजी के बाद पैसा निकालना बेहतर समझा, जिससे सेंसेक्स और निफ्टी पर दबाव दिखा।
ICICI बैंक, HDFC बैंक, टाटा स्टील, इन्फोसिस और कोटक महिंद्रा बैंक जैसे बड़े शेयर सेंसेक्स पर सबसे ज्यादा दबाव डालने वाले रहे।
हालांकि बजट से ग्रोथ को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है, लेकिन खपत बढ़ाने के लिए किसी बड़े ऐलान को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है। इसी वजह से निवेशक फिलहाल सतर्क नजर आ रहे हैं। इसके अलावा वैश्विक स्तर पर जारी अनिश्चितता, विदेशी निवेशकों (FII) की लगातार बिकवाली, तिमाही नतीजों में मिला-जुला प्रदर्शन और रुपये की कमजोरी भी बाजार के मूड को कमजोर कर रही है।
शुक्रवार को रुपया डॉलर के मुकाबले 91.98 के रिकॉर्ड निचले स्तर तक पहुंच गया। जनवरी में रुपये में कुल 2.3 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई, जिससे बाजार पर अतिरिक्त दबाव बना।
Nestle India: 3.46% ऊपर
Tata Consumer: 2.24% ऊपर
Apollo Hospitals: 2.19% ऊपर
Hindalco Industries: 5.98% गिरा
Tata Steel: 4.81% गिरा
Coal India: 3.46% गिरा
जियोजित इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के रिसर्च हेड विनोद नायर के मुताबिक, बजट से पहले बाजार में उतार-चढ़ाव बना हुआ है। वैश्विक ग्रोथ को लेकर चिंता और अमेरिकी बॉन्ड यील्ड बढ़ने से आईटी शेयर दबाव में रहे, वहीं मजबूत डॉलर के चलते सोने-चांदी और मेटल शेयरों में भी गिरावट दिखी। विनोद नायर ने कहा कि विदेशी निवेशकों की बिकवाली और रुपये की कमजोरी के बीच बाजार अब बजट से ग्रोथ सपोर्ट और वित्तीय अनुशासन को लेकर साफ संकेतों का इंतजार कर रहा है।
डिस्क्लेमर: यह लेख केवल शैक्षिक उद्देश्यों के लिए है। ऊपर दिए गए विचार और सिफारिशें व्यक्तिगत विश्लेषकों या ब्रोकिंग कंपनियों के हैं, न कि मिंट के। हम निवेशकों को सलाह देते हैं कि वे कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले प्रमाणित विशेषज्ञों से जांच करें।
Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.