
Stock Market Holiday 15 January 2026: शेयर बाजार में गुरुवार, 15 जनवरी के कामकाज को लेकर बड़ी अपडेट आई है। एक्सचेंजों ने अब इस पर सारे कयासों को खत्म करते हुए नया अपडेट जारी किया। 15 जनवरी को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) ने इस दिन पूरी तरह से कामकाज बंद रखने का फैसला किया है। दोनों एक्सचेंजों ने यह फैसला महाराष्ट्र नगर निकाय चुनावों को देखते हुए लिया है। पहले चर्चा थी कि बाजार खुलेगा, लेकिन अब आधिकारिक मुहर लग चुकी है कि उस दिन दलाल स्ट्रीट बंद रहेगा।
पहले, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) ने संकेत दिया था कि 15 जनवरी को ट्रेडिंग सामान्य रूप से जारी रहेगी और केवल 'सेटलमेंट हॉलिडे' रहेगा। लेकिन ताजा सर्कुलर में छुट्टी घोषित कर दी गई है। इस दिन कैपिटल मार्केट, इक्विटी डेरिवेटिव्स, करेंसी डेरिवेटिव्स और इंटरेस्ट रेट डेरिवेटिव्स जैसे सभी सेगमेंट में कोई कारोबार नहीं होगा। इसके साथ ही सिक्योरिटीइज लेंडिंग एंड बॉरोइंग (SLB) की सुविधा भी उपलब्ध नहीं होगी।
बता दें कि शेयर बाजार ही नहीं बल्कि कमोडिटी बाजार के निवेशकों को भी अपनी प्लानिंग में बदलाव करना होगा। गुरुवार, 15 जनवरी को कमोडिटी डेरिवेटिव्स सेगमेंट सुबह के सेशन के लिए बंद रहेगा। वहीं, राज्य में सभी निजी और सरकारी बैंक भी बंद रहेंगे। दरअसल, महाराष्ट्र सरकार ने नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट्स एक्ट के तहत गुरुवार को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है। इसके तहत मुंबई शहर, उपनगर और बीएमसी (BMC) के अधिकार क्षेत्र में आने वाले सभी सरकारी और अर्ध-सरकारी कार्यालय, पब्लिक सेक्टर यूनिट्स बंद रहेंगे।
गौरतलब है कि महाराष्ट्र में इस बार 29 नगर निकायों के लिए चुनाव हो रहे हैं। ये नगर निकाय राज्य की राजनीति और अर्थव्यवस्था दोनों के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण माने जाते हैं। पिछली बार 2017 में हुए निकाय चुनावों के दौरान भी शेयर बाजार बंद था। 15 जनवरी को मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद, वोटों की गिनती 16 जनवरी को की जाएगी।
Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.