
Stock Market Holiday: शेयर बाजार ने दीवाली के स्पेशल ट्रेडिंग में शानदार प्रदर्शन किया। सम्वत 2082 की शुरुआत उत्साह के साथ हुई। मंगलवार, 21 अक्टूबर को दलाल स्ट्रीट पर तेजी का माहौल रहा। सेंसेक्स और निफ्टी 50 इंडेक्स ने लगातार पांचवें दिन बढ़त दर्ज की। निवेशकों में तिमाही नतीजों को लेकर आशावाद और अमेरिका-चीन के बीच ट्रेड टेंशन कम होने की उम्मीद ने बाजार को हाई लेवल पर पहुंचाया। स्पेशल ट्रेडिंग में सेंसेक्स 62.97 अंक या 0.07% चढ़कर 84,426.34 के लेवल पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 50 इंडेक्स 0.98 अंक या 0.01% बढ़कर 25,868.6 के लेवल पर बंद हुआ।
वहीं, निवेशक इस बात को लेकर कंफ्यूज हैं कि बुधवार, 22 अक्टूबर को शेयर बाजार खुलेगा या नहीं। इसका जबाव है नहीं। दरअसल, बुधवार को दिवाली बलिप्रतिपदा के कारण शेयर बाजार बंद रहेगा। अक्टूबर महीने में कुल तीन छुट्टियां थी। इनमें 2 अक्टूबर, गांधी जयंती/ दशहरा, 21 अक्टूबर दिवाली लक्ष्मी पूजन और 22 अक्टूबर दिवाली बलिप्रतिपदा की छुट्टी है। वहीं, इस साल शेयर बाजार में कुल 18 दिन छुट्टियां पड़ रही हैं। अक्टूबर के बाद नवंबर में प्रकाश गुरुपर्व श्री गुरु नानक देव की जयंती के अवसर पर 5 नवंबर को बाजार बंद रहेगा, जबकि 25 दिसंबर को क्रिसमस पर भी छुट्टी रहेगी।
बता दें कि पिछला सम्वत 2081 भारतीय शेयर बाजार के लिए मिक्स रहा। निफ्टी 50 ने इस दौरान 6% की बढ़त दर्ज की। जियोजीत इनवेस्टमेंट्स के चीफ इन्वेस्टमेंट स्ट्रैटजिस्ट वीके विजयकुमार ने कहा, 'सम्वत 2081 में भारत का प्रदर्शन अपेक्षाकृत कमजोर रहा। इसके कई कारण हैं, जिनमें अमेरिकी टैरिफ का डर शामिल है। लेकिन सबसे बड़ा कारण भारत की आय वृद्धि में भारी कमी है, जो पिछले तीन सालों के 24% के औसत से घटकर वित्त वर्ष 2025 में मात्र 5% रह गई।
उन्होंने आगे कहा कि नए सम्वत 2082 की शुरुआत ने निवेशकों में नई उम्मीद जगाई है। दीवाली सेशन की तेजी से संकेत मिलता है कि बाजार में पॉजिटिव ट्रेंड बना रह सकता है। हालांकि, वैश्विक आर्थिक अनिश्चितताएं और घरेलू आय वृद्धि की गति बाजार की दिशा तय करेंगे। निवेशकों को तिमाही नतीजों पर बारीकी से नजर रखने की सलाह दी जा रही है। साथ ही, विदेशी निवेश के रुख और वैश्विक व्यापार नीतियों का असर भी बाजार की गति पर प्रभाव डालेगा।
Oops! Looks like you have exceeded the limit to bookmark the image. Remove some to bookmark this image.