नई दिल्ली: भारतीय शेयर बाजार में आज यानी गुरुवार को कारोबार शुरू होने से पहले निवेशकों की नजर निफ्टी और बैंक निफ्टी के अहम टेक्निकल लेवल्स पर है। बुधवार को Nifty 35.75 अंक गिरकर 24,435.95 पर बंद हुआ था, जबकि Bank Nifty ने 439.60 अंकों की मजबूत बढ़त के साथ 57,885.85 का स्तर हासिल किया। हालांकि, दिन के निचले स्तर से इंडेक्स ने करीब 170 अंकों की रिकवरी की, लेकिन 24,500 के अहम स्तर को वापस हासिल नहीं कर पाया।
निफ्टी के लिए क्यों अहम है 24500 का लेवल?
टेक्निकल एनालिसिस के मुताबिक निफ्टी फिलहाल दबाव में है और करीब 24,385 के 200-DEMA के आसपास कारोबार कर रहा है। 24,385-24,350 का जोन आज महत्वपूर्ण सपोर्ट बन सकता है। अगर आज Nifty इस सपोर्ट को बचा लेता है तो 24,500-24,600 की तरफ रिकवरी की कोशिश हो सकती है। लेकिन अगर 200-DEMA के नीचे गिरावट आती है तो इंडेक्स के लिए 24,200 और फिर 24,000 का स्तर खुल सकता है।
बता दें कि बुधवार की गिरावट के साथ Nifty ने हाल के स्विंग हाई से लगातार छठी बार निचले स्तर पर क्लोजिंग दी। हालांकि, दिन के निचले स्तर 24,265.95 से हुई रिकवरी बताती है कि निचले स्तरों पर खरीदार अभी पूरी तरह गायब नहीं हुए हैं। अभी निफ्टी का RSI 50 के ऊपर है, लेकिन इसकी रफ्तार में कुछ कमी आई है। वहीं India VIX 11.69 पर रहा, जिससे पता चलता है कि बाजार में फिलहाल बहुत ज्यादा घबराहट वाली स्थिति नहीं है।
डेरिवेटिव्स डेटा में Nifty के 24,500-24,700 जोन में Call OI का दबाव दिखाई दे रहा है। ऐसे में इस क्षेत्र को पार करना आसान नहीं हो सकता। दूसरी तरफ 24,300 और 24,000 के आसपास Put पोजिशनिंग है, जो बाजार को नीचे सपोर्ट दे सकती है।