
Stock Market Opening Bell 16 March 2026: शेयर बाजार में सोमवार, 16 मार्च को भी गिरावट का सिलसिला जारी रहा। आज के कारोबार के लिए बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स और निफ्टी 50 दोनों लाल निशान में खुले। इससे पहले, शुक्रवार को बड़ी गिरावट के साथ बंद हुए थे। ग्लोबल मार्केट्स से मिक्स ट्रेंड्स के बीच निवेशक अमेरिका-ईरान संघर्ष की अपडेट्स पर नजर बनाए हुए हैं। मिडिल ईस्ट में चल रहे तनाव के कारण कच्चे तेल की कीमतें अभी भी ऊंची बनी हुई हैं, जिससे बाजार में अनिश्चितता का माहौल है। ऐसे में आज भी तेज उतार-चढ़ाव की पूरी संभावना है। सोमवार को सेंसेक्स 148.13 अंकों की गिरावट के साथ 74,415.79 के लेवल पर खुला, जबकि निफ्टी 50 इंडेक्स 35 अंक लुढ़ककर 23,116.10 के लेवल पर खुला।
आज के शुरुआती कारोबार में अल्ट्राटेक सीमेंट के शेयर 3 फीसदी से ज्यादा की बढ़त हासिल किए, जबकि ITC में 1 फीसदी से ज्यादा का उछाल दर्ज किया गया। इसके बाद, टाटा स्टील में 1 फीसदी और SBI में 0.50 फीसदी से ज्यादा की तेजी आई। वहीं, कोटक महिंद्रा बैंक के शेयर भी 0.50 फीसदी से ज्यादा की तेजी दर्ज किए।
दूसरी तरफ, BEL के शेयर लगभग 2 फीसदी की गिरावट दर्ज किए, जबकि महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयरों में भी 1 फीसदी से ज्यादा की गिरावट आई है। इसके बाद अडानी पोर्ट्स के शेयर 0.80 फीसदी की गिरावट दर्ज किए, जबकि भारती एयरटेल में 0.70 प्रतिशत से अधिक की गिरावट आई। वहीं, टेक महिंद्रा के शेयर 0.50 फीसदी से अधिक टूटकर कारोबार कर रहे हैं।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) पर निफ्टी ऑयल एंड गैस टॉप सेक्टोरल लूजर्स था। इसमें लगभग 1 फीसदी की गिरावट आई। वहीं, निफ्टी मेटल टॉप गेनर रहा। इसमें 0.50% की बढ़त देखी गई। NSE पर शुरुआती कारोबार के दौरान 1,633 स्टॉक्स में गिरावट देखने को मिली, जबकि 757 स्टॉक्स में उछाल आया है। वहीं, 118 में कोई बदलाव नहीं दिखा।
जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के चीफ इन्वेस्टमेंट स्ट्रैटजिस्ट डॉ. वीके विजयकुमार ने कहा, " युद्ध की अनिश्चितता अभी भी बनी हुई है, जिससे बाजार पूरी तरह अनजाने रास्ते पर चल रहा है। विदेशी संस्थागत निवेशक (FII) लगातार बिकवाली कर रहे हैं और रुपया भी कमजोर हो रहा है, जिससे बाजार पर दबाव बढ़ता जा रहा है। आने वाले दिनों में भी FIIs की बिकवाली जारी रहने की संभावना है, खासकर जब बाजार में हल्की-फुल्की रिकवरी या तेजी दिखेगी। ऐसे में अच्छे फंडामेंटल वाले सेक्टर और शेयरों में भी गिरावट देखने को मिल सकती है।"
उन्होंने आगे कहा कि आगे क्या होगा, यह इस बात पर निर्भर करेगा कि तनाव कितने समय तक चलता है और क्रूड ऑयल की ऊंची कीमतें भारत की GDP ग्रोथ और कंपनियों के मुनाफे पर कितना असर डालती हैं। ऐसे समय में कई बार कुछ न करना ही सबसे समझदारी भरा फैसला होता है। फिलहाल यही सलाह है कि हाथ रोके रखें। लेकिन जिन निवेशकों में रिस्क लेने की क्षमता है, वे अब अच्छी क्वालिटी के शेयरों में थोड़ा-थोड़ा निवेश शुरू कर सकते हैं। क्योंकि कई मजबूत कंपनियां अब सही कीमतों पर मिल रही हैं। ब्रॉड मार्केट में भी कई ग्रोथ स्टॉक्स आकर्षक वैल्यूएशन पर उपलब्ध हैं। हालांकि, इस कमजोर माहौल में भी फार्मास्यूटिकल्स और टेलीकॉम सेक्टर के शेयर अच्छा प्रदर्शन दिखा रहे हैं और टिके हुए हैं।"
वहीं, जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के चीफ मार्केट स्ट्रैटजिस्ट आनंद जेम्स ने कहा, "निफ्टी इन दिनों एक ऐसे चैनल के लोअर एंड पर पहुंच गया है, जो मार्च की शुरुआत से चल रही गिरावट को संभाल रहा है। अगर निफ्टी 23,000 के लेवल पर टिका रहता है, तो बाजार में उछाल आ सकता है और ये 23,600 से 23,990 तक जा सकता है। लेकिन अगर ये 23,330 के ऊपर नहीं निकल पाता या सीधे 22,900 के नीचे चला जाता है, तो तेज गिरावट शुरू हो सकती है। यह 22,000 की ओर बढ़ सकता है।"
डिस्क्लेमर: यह आर्टिकल केवल जानकारी के लिए है। ऊपर दिए गए विचार और सिफारिशें, व्यक्तिगत विश्लेषकों या ब्रोकिंग कंपनियों के हैं, न कि मिंट के। हम निवेशकों को सलाह देते हैं कि वे कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले प्रमाणित विशेषज्ञों से जांच करें।
Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.
Oops! Looks like you have exceeded the limit to bookmark the image. Remove some to bookmark this image.