
Stock Market Opening 24 March 2026: अमेरिकी और एशियाई बाजारों से मिले मजबूत संकेतों के बाद मंगलवार, 24 मार्च को घरेलू बाजार में जोरदार तेजी के साथ कामकाज की शुरुआत हुई। सेंसेक्स और निफ्टी लगभग 2 फीसदी की भारी तेजी के साथ खुले। सुबह सेंसेक्स 1516.08 अंक के उछाल के साथ 74,212.47 के लेवल पर खुला। इसी तरह, निफ्टी 50 इंडेक्स 365.8 अंक चढ़कर 22,878.45 के लेवल पर खुला। शेयर बाजार में आज जोरदार उछाल से निवेशकों को 5 लाख करोड़ रुपये की कमाई हुई है। BSE में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैप पिछले सत्र के 415 लाख करोड़ से बढ़कर 420 लाख करोड़ रुपये के करीब पहुंच गया।
शेयर बाजार में आज आई तेजी की मुख्य वजह अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का एक बयान है। उन्होंने सोमवार, 23 मार्च को कहा कि पिछले दो दिनों में ईरान और अमेरिका के बीच बहुत अच्छी और पॉजिटिव बातें हुई हैं, जिससे मिडिल ईस्ट में तनाव कम हुआ है। ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेफॉर्म ट्रूथ सोशल पर एक पोस्ट के जरिए कहा कि अगले 5 दिनों तक ईरान के ऊर्जा संयंत्रों पर कोई हमला नहीं किया जाएगा।
इसके साथ ही इजरायली मीडिया में खबर आई कि अमेरिका ने 9 अप्रैल को ईरान के खिलाफ चल रही जंग खत्म करने की संभावित तारीख तय कर दी है। ट्रंप का ईरान पर नरम रुख और जंग जल्द खत्म होने की सकारात्मक खबरों ने बाजारों का मूड पूरी तरह बदल दिया है। निवेशकों में उम्मीद जगी है कि अगर बातचीत आगे बढ़ी तो तेल की कीमतें गिरेंगी और ग्लोबल इकोनॉमी को सहारा मिलेगा। हालांकि ईरान की तरफ से इन बातचीतों से इनकार किया गया है, लेकिन ट्रंप के बयान और हमलों को पांच दिन के लिए टालने के फैसले ने फिलहाल तनाव कुछ कम किया है।
आज के कारोबार में सबसे अधिक उछाल एशियन पेंट्स के शेयरों में दर्ज किया गया है। इसके शेयर शुरुआती कारोबार में 4% चढ़कर कारोबार कर रहे थे। वहीं, टाइटन के शेयरों में 3% से अधिक की तेजी रही, जबकि अल्ट्राटेक सीमेंट में 2.9% का उछाल दर्ज किया गया। इसके बाद इंडिगो में 2.45% और ट्रेंट में 2.27% की मजबूत देखी गई। दूसरी तरफ, केवल पावर ग्रिड के शेयर लाल निशान में कामकाज कर रहे थे। इनमें 0.76% की गिरावट दर्ज की गई।
जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के चीफ इन्वेस्टमेंट स्ट्रैटजिस्ट डॉ. वीके विजय कुमार ने कहा, "ट्रंप ने ईरान पर हमलों को 5 दिन के लिए रोकने का संकेत दिया और ईरानी नेतृत्व से प्रोडक्टिव बातचीत की बात कही। लेकिन तुरंत ईरान के विदेश मंत्रालय ने इसे सिरे से खारिज कर दिया। बाद में उन्होंने माना कि कुछ देशों के माध्यम से कूटनीति शुरू करने की कोशिशें चल रही हैं।
इस खबर से ब्रेंट क्रूड 10% टूटकर 100 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर आ गया। बाजार अब युद्ध जल्द खत्म होने का अनुमान लगा रहा है, यही वजह है कि अमेरिका के अगस्त वाले ऑयल फ्यूचर्स 80 डॉलर पर ट्रेड कर रहे हैं। हालांकि निकट भविष्य में युद्ध से जुड़ी खबरों और मोर्चे पर होने वाली घटनाओं के कारण बाजार में भारी उतार-चढ़ाव बना रहेगा।
फिलहाल बाजार पर सबसे बड़ा दबाव विदेशी निवेशकों (FIIs) की भारी बिकवाली है। बाजार भले ही काफी गिर चुका हो, लेकिन FII लगातार बेच रहे हैं। इसके पीछे मुख्य वजह रुपये की लगातार कमजोरी है। इसलिए अगर बाजार में कुछ स्थिरता आनी है तो पहले रुपये को संभलना होगा।"
डिस्क्लेमर: यह आर्टिकल केवल जानकारी के लिए है। ऊपर दिए गए विचार और सिफारिशें, व्यक्तिगत विश्लेषकों या ब्रोकिंग कंपनियों के हैं, न कि मिंट के। हम निवेशकों को सलाह देते हैं कि वे कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले प्रमाणित विशेषज्ञों से जांच करें।
Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.
Oops! Looks like you have exceeded the limit to bookmark the image. Remove some to bookmark this image.