Stock Market Opening 5 December: शेयर बाजार में कारोबारी सप्ताह के आखिरी दिन यानी शुक्रवार को लाल निशान में कारोबार की शुरुआत हुई। आज सुबह सेंसेक्स 140 अंकों की गिरावट के साथ 85,125.48 के लेवल पर खुला, जबकि निफ्टी 34 अंक लुढ़ककर 25,999.80 के लेवल पर ओपन हुआ। हालांकि, पहले 5 मिनट में ही बाजार हरे निशान में आ गया। निवेशक आरबीआई की मॉनिटरी पॉलिसी कमेटी के फैसले पर नजर बानए हुए हैं।
एक्सपर्ट व्यू
जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड में चीफ इन्वेस्टमेंट स्ट्रैटजिस्ट, ‘आज पूरे बाजार की नजरें RBI की मौद्रिक नीति पर टिकी हैं। ब्याज दरों में कटौती होगी या नहीं, उससे भी ज्यादा जरूरी ये है कि गवर्नर साहब मौजूदा हालात- कम महंगाई, तेज ग्रोथ और लगातार गिरता रुपया पर क्या बोलते हैं। बाजार को लिक्विडिटी पर आरबीआई के कदम का इंतजार है। अगर ब्याज दरों में कटौती होती है तो यह इस साल की आखिरी कटौती होगी। ऐसे में बैंकों के लिए ये बुरी खबर होगी। दरअसल, उनका नेट इंटरेस्ट मार्जिन (NIM) दबाव में आएगा और डिपॉजिट जुटाना और मुश्किल हो जाएगा। दूसरी तरफ, ऑटो, रियल एस्टेट जैसे रेट-सेंसिटिव सेक्टरों में बूस्ट आएगा। अगर कटौती नहीं हुई तो बैंकिंग शेयरों में जबरदस्त उछाल देखने को मिलेगा।’
कल रुपया अचानक 90.42 के निचले स्तर से 89.97 पर आ गया। इससे लग रहा है कि करेंसी मार्केट में थोड़ी स्थिरता लौट रही है। आज गवर्नर रुपया को लेकर क्या कहते हैं, उसी से आने वाले कुछ दिनों में डॉलर-रुपया का रुख साफ होगा।
इन शेयरों में तेजी
सुबह 9:30 बजे इटरनल के शेयर 1.08 प्रतिशत उछाल के साथ कामकाज कर रहा है, जबकि इन्फोसिस के शेयर 0.59 प्रतिशत मजबूत होकर ट्रेड कर रहे हैं। इसके बाद बजाज फाइनेंस के शेयर 0.58 प्रतिशत और कोटक महिंद्रा बैंक के शेयर 0.56 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ ट्रेड कर रहे हैं। HCL Tech के शेयर 0.55 प्रतिशत मजबूत होकर कामकाज कर रहे हैं।
इन शेयरों में बनाया दबाव
बाजार पर दबाव बनाने में मुकेश अंबानी की कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज (RIL) ने अहम भूमिका निभाई है। यह आज के शुरुआती कारोबार में 1 प्रतिशत से ज्यादा की गिरावट के साथ कामकाज कर रहा था। वहीं, टाटा स्टील के शेयर 0.78 प्रतिशत और टाटा मोटर्स पैसेंजर्स व्हीकल्स के शेयर 0.55 प्रतिशत लुढ़ककर ट्रेड कर रहे हैं। इसके अलावा, भारती एयरटेल में 0.46 प्रतिशत की कमजोरी देखी जा रही है।