
Stock Market Outlook 11 March 2026: शेयर बाजार में मंगलवार को लगातार दो दिनों की बड़ी गिरावट का सिलसिला टूटा और जोरदार रिकवरी देखी गई। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की तरफ से अमेरिका-ईरान युद्ध जल्द खत्म होने के संकते देने बाद निवेशकों के सेंटीमेंट में सुधार आया। ट्रंप के इस बयान से ग्लोबल मार्केट में चिंता कम हुई, क्रूड ऑयल की कीमतों में तेज गिरावट आई। निवेशक वैल्यू बायिंग किए। कल के कारोबार में सेंसेक्स 639.82 अंक या 0.82% चढ़कर 78,205.98 के लेवल पर बंद हुआ। वहीं, निफ्टी 50 इंडेक्स 233.55 अंक या 0.97% उछाल के साथ 24,261.60 के लेवल पर बंद हुआ। आज के कारोबार के लिए ग्लोबल मार्केट्स से मिलते-जुलते संकेत मिल रहे हैं।
जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के रिसर्च हेड विनोद नायर ने कहा, "दलाल स्ट्रीट ने ग्लोबल माहौल में आए सुधार को देखते हुए राहत की सांस ली। क्रूड ऑयल की कीमतों में तेजी से गिरावट आई, क्योंकि ट्रंप ने युद्ध जल्द खत्म होने का संकेत दिया। हालांकि, इंडिया VIX अभी भी काफी ऊंचा बना हुआ है, जो बाजार में छिपी अनिश्चितता की ओर इशारा कर रहा है।
उन्होंने आगे कहा, आने वाले दिनों में बाजार थोड़ा उलझा हुआ रह सकता है। निवेशक अब जियोपॉलिटिकल तनाव कम होने के संकेतों पर नजर रखे हुए हैं। जैसे ही स्थिति साफ होगी, हाल की उथल-पुथल से सबसे ज्यादा प्रभावित सेक्टरों में वैल्यू बायिंग शुरू हो सकती है।"
शेयर बाजार में बुधवार के कारोबार के लिए गिफ्ट निफ्टी फ्लैट ओपनिंग के संकेत दे रहा है। यह NSE IX पर निफ्टी फ्यूचर्स के पिछले बंद लेवल से 47 अंक या 0.19% के उछाल के साथ 24315 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। ऐसे में आज दलाल स्ट्रीट पर सेंसेक्स और निफ्टी सपाट खुल सकते हैं।
अगर एशियाई बाजारों की बात करें, तो आज ये हरे निशान में कारोबार कर रहे हैं। जापान का निक्केई 1.89% की बढ़त के साथ ट्रेड कर रहा है, जबकि टोपिक्स 1.59% की रैली के साथ ट्रेड कर रहा है। वहीं दक्षिण कोरिया के कोस्पी (Kospi) ने 2.62% की जबरदस्त छलांग लगाई है। इसके अलावा, हॉन्ग-कॉन्ग का हैन्गसेंग फ्यूचर्स उछाल के साथ कामकाज का संकेत दे रहा है।
अमेरिकी शेयर बाजार गिरावट के साथ बंद हुआ। कम्युनिकेशन सर्विसेज सेक्टर के शेयरों में तेजी आई, लेकिन ईरान संघर्ष के खत्म होने की अनिश्चितता के चलते निवेशकों का मूड खराब रहा, जिससे बाजार लाल निशान में ही रहा। मंगलवार को कच्चे तेल कीमतों में तेज गिरावट से महंगाई की चिंता कुछ हद तक कम हुई। बेंचमार्क S&P 500 इंडेक्स 0.2 फीसदी टूटकर 6,782.43 पर बंद हुआ। डॉव जॉन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 0.1 फीसदी गिरकर 47,706.51 पर बंद हुआ। वहीं, नैस्डैक कम्पोजिट एक अंक चढ़कर 22,697.10 पर बंद हुआ।
अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा एजेंसी (IEA) ने अब तक की सबसे बड़ी तेल भंडार रिलीज का प्रस्ताव रखा है। वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट के मुताबिक, मिडिल ईस्ट में बढ़ती जंग की वजह से ऊर्जा कीमतों में तेज उछाल को रोकने के लिए सरकारें यह कदम उठाने पर विचार कर रही हैं। मंगलवार को ऊर्जा अधिकारियों की इमरजेंसी मीटिंग में यह प्रस्ताव रखा गया। ब्लूमबर्ग की एक रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि यह रिलीज 2022 में रूस-यूक्रेन युद्ध के बाद दो चरणों में की गई 182 मिलियन बैरल की रकम से भी ज्यादा होगी। इसका मतलब है कि यह अब तक की सबसे बड़ी एकमुश्त रिलीज होगी।
दरअसल, ईरान से जुड़े तनाव और होर्मुज जलडमरूमध्य में तेल की सप्लाई रुकने से तेल की कीमतें आसमान छू रही हैं। ऐसे में IEA के सदस्य देश अपने इमरजेंसी तेल स्टॉक से भारी मात्रा में तेल बाजार में उतारकर कीमतों को काबू में लाना चाहते हैं। अभी फैसला नहीं हुआ है, लेकिन चर्चा जोरों पर है। इससे पहले 2022 में भी ऐसे ही हालात में बड़े पैमाने पर तेल रिलीज किया गया था।
IEA की रिपोर्ट आने के बाद बुधवार को कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट आई है। ब्रेंट क्रूड का भाव 0.26 फीसदी गिरकर 87.57 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया, जबकि अमेरिकी WTI क्रूड फ्यूचर्स 0.44 फीसदी लुढ़ककर 83.08 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। बीती रात कारोबार में WTI और ब्रेंट के फ्रंट-मंथ फ्यूचर्स 11 फीसदी से ज्यादा टूटे थे। बता दें कि साल की शुरुआत से अब तक ब्रेंट क्रूड के दाम लगभग 50 फीसदी चढ़ चुके हैं।
डिस्क्लेमर: यह आर्टिकल केवल जानकारी के लिए है। ऊपर दिए गए विचार और सिफारिशें, व्यक्तिगत विश्लेषकों या ब्रोकिंग कंपनियों के हैं, न कि मिंट के। हम निवेशकों को सलाह देते हैं कि वे कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले प्रमाणित विशेषज्ञों से जांच करें।
Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.
Oops! Looks like you have exceeded the limit to bookmark the image. Remove some to bookmark this image.