Stock Market Outlook 16 December: शेयर बाजार बीते कल यानी सोमवार को हल्की गिरावट के साथ बंद हुआ। दिन की शुरुआत में अच्छी-खासी गिरावट देखने को मिली, लेकिन बाद में मार्केट ने रिकवरी दिखाई और इंट्राडे हाई के करीब बंद हुआ। ग्लोबल लेवल पर जोखिम लेने के माहौल कमजोर होने से दबाव बना रहा। एनालिस्टों का कहना है कि आने वाले दिनों में बाजार रेंज में कारोबार कर सकता है। साल के अंत में ट्रेडिंग वॉल्यूम कम होने और वैश्विक आर्थिक अनिश्चितता के कारण बड़े और मिडकैप-स्मॉलकैप सेगमेंट में उतार-चढ़ाव बढ़ सकता है।
निफ्टी आउटलुक
LKP सिक्योरिटीज के सीनियर टेक्निकल एनालिस्ट रूपक डे ने कहा, कल निफ्टी ने 26,050 के आसपास मजबूत रुकावट का सामना किया और थोड़ी गिरावट के साथ बंद हुआ। घंटे के चार्ट पर इंडेक्स को गिरती ट्रेंडलाइन के पास रेजिस्टेंस मिला। घंटे के RSI में बियरिश क्रॉसओवर हुआ है और यह नीचे की ओर बढ़ रहा है, जिससे बाजार में कमजोरी के संकेत मिल रहे हैं। कुल मिलाकर, निफ्टी के 25,900 से 26,100 के दायरे में ही रहने की संभावना है। अगर इस रेंज से बाहर निर्णायक ब्रेकआउट होता है, तो बाजार में कोई बड़ा दिशात्मक मूवमेंट देखने को मिल सकता है।
गिफ्ट निफ्टी में मामूली गिरावट
मंगलवार को गिफ्ट निफ्टी सुस्त शुरुआत की ओर इशारा कर रहा है। आज यह 5.5 अंक या 0.02 प्रतिशत नीचे कारोबार कर रहा था। ऐसे में सेंसेक्स और निफ्टी सुस्त कारोबार शुरू कर सकते हैं।
US मार्केट अपडेट
अमेरिकी शेयर बाजार में भी सोमवार को गिरावट रही। टेक्नोलॉजी शेयरों में लगातार बिकवाली का असर बड़े इंडेक्स पर पड़ा। निवेशक इस हफ्ते आने वाले अहम आर्थिक आंकड़ों का इंतजार कर रहे हैं। S&P 500 इंडेक्स में 0.2% की गिरावट आई लगातार दूसरी सत्र में लाल निशान में बंद हुआ। इसके अलावा, डॉव जोन्स 41.49 अंक या 0.09% गिरकर 48,416.56 पर बंद हुआ। एसएंडपी 500 ने 10.90 अंक या 0.16% गंवाकर 6,816.51 पर कारोबार खत्म किया, जबकि नैस्डैक कंपोजिट 137.76 अंक या 0.59% नीचे 23,057.41 पर बंद हुआ।