
Stock Market Outlook 17 March 2026: शेयर बाजार में सोमवार को काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिला, लेकिन कारोबार की समाप्ति भारी उछाल के साथ हुई। सेंसेक्स 938.93 अंक या 1.25% की जोरदार तेजी के साथ 75,502.85 के लेवल पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 50 (Nifty 50) इंडेक्स 257.71 अंक या 1.11% उछाल के साथ 23,408.80 के लेवल पर बंद हुआ। वहीं, मंगलवार के कारोबार के लिए भी ग्लोबल मार्केट्स से पॉजिटिव संकेत मिल रहे हैं। रात भर अमेरिकी शेयर बाजार में तेजी देखी गई, जबकि एशियाई बाजार भी अच्छी तेजी के साथ कामकाज कर रहे हैं। यह उछाल कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट से आई है।
अमेरिकी शेयर बाजार में नए सप्ताह की शुरुआत तेजी के साथ हुई। पिछले तीन हफ्तों से लगातार गिरावट के बाद आज बाजार में जबरदस्त उछाल आया। कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट और बॉन्ड यील्ड्स की ब्याज दर कम होने से निवेशकों का सेंटीमेंट सुधरा है। डाउ जॉन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 387.94 अंक या 0.83% चढ़कर 46,946.41 के लेवल पर बंद हुआ, जबकि S&P 500 इंडेक्स 67.19 अंक या 1.01% के उछाल के साथ 6,699.38 के लेवल पर बंद हुआ। इसके अलावा, नैस्डैक कम्पोजिट 268.82 अंक या 1.22% चढ़कर 22,374.18 के लेवल पर बंद हुआ।
एशियाई बाजारों में मंगलवार को तेजी देखी जा रही है। जापान का प्रमुख इंडेक्स निक्केई 239.42 अंक या 0.45% मजबूत होकर 53,970.84 के लेवल पर ट्रेड कर रहा था, जबकि 34.18 अंक या 0.95% चढ़कर 3,644.91 के लेवल पर कामकाज कर रहा था। इसके अलावा, दक्षिण कोरिया का कोस्पी इंडेक्स 149.42 अंक या 2.69% उछाल के साथ 5,699.27 के लेवल पर ट्रेड कर रहा था। वहीं, KOSDAQ इंडेक्स 14.89 अंक या 1.31% मजबूत होकर 1,153.18 के स्तर पर कामकाज कर रहा था। इसके अलावा, पिछले कारोबारी सत्र में हांगकांग का हैंगसैंग इंडेक्स 368.42 अंक या 1.45% उछाल के साथ 25,834.02 के लेवल पर बंद हुआ था।
मंगलवार को गिफ्ट निफ्टी (GIFT Nifty) भी मजबूत ओपनिंग के संकेत दे रहा है। यह आज सुबह निफ्टी फ्यूचर्स के पिछले बंद भाव से 115 अंकों से ज्यादा के उछाल के साथ 23524.5 के लेवल पर ट्रेड कर रहा था। यानी आज दलाल स्ट्रीट पर गैप-अप ओपनिंग होने की पूरी उम्मीद है।
अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच यु्द्ध को शुरू हुए 2 हफ्तों से अधिक समय बीत चुका है। इस संघर्ष की वजह से पूरी दुनिया के शेयर बाजार और वित्तीय बाजार में उथल-पुथल मचा हुआ है। ताजा खबर ये है कि बगदाद में अमेरिकी दूतावास पर ड्रोन और रॉकेट से हमला हुआ। रॉयटर्स के मुताबिक, इस हमले के लिए कम से कम पांच ड्रोन इस्तेमाल किए गए और इराकी राजधानी में एक जबरदस्त ब्लास्ट हुआ।
भारत में बेरोजगारी दर में मामूली गिरावट आई है। 15 साल और उससे ज्यादा उम्र के लोगों के लिए फरवरी में बेरोजगारी दर 4.9% पर आ गई, जबकि जनवरी में 5.0% थी। शहरी इलाकों के लिए 7.0% से घटकर 6.6% हो गई। लेकिन ग्रामीण इलाकों में बेरोजगारी दर 4.2% पर टिकी हुई है।
कच्चे तेल की कीमत की बात करें, तो पिछले कारोबारी सत्र में कुछ गिरावट दर्ज की गई थी। लेकिन आज फिर से तेजी देखी जा रही है। दरअसल, हॉर्मुज जलडमरूमध्य बंद होने की आशंका और सप्लाई ठप होने की चिंता की वजह से तेल के दाम फिर से बढ़ गए। ब्रेंट क्रूड 2.81% चढ़कर 103.06 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया, जबकि अमेरिकी WTI क्रूड 2.97% बढ़कर 96.28 डॉलर प्रति बैरल हो गया।
डिस्क्लेमर: यह आर्टिकल केवल जानकारी के लिए है। ऊपर दिए गए विचार और सिफारिशें, व्यक्तिगत विश्लेषकों या ब्रोकिंग कंपनियों के हैं, न कि मिंट के। हम निवेशकों को सलाह देते हैं कि वे कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले प्रमाणित विशेषज्ञों से जांच करें।
Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.