
Stock Market Live Update 23 February 2026: भारतीय शेयर बाजार के निवेशक सोमवार, 23 फरवरी के कारोबार के लिए वैश्विक संकेतों पर नजर बनाए हुए हैं। पिछले शुक्रवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के टैरिफ पर अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट का बड़ा आदेश आया। कोर्ट ने टैरिफ को गलत ठहराते हुए सभी देशों पर से हटाने का निर्देश दिया था। हालांकि, ट्रंप ने कोर्ट के इस फैसले के कुछ घंटों बाद ही नई टैरिफ पॉलिसी का ऐलान किया। अब इन बड़े बदलावों का सीधा असर आज दलाल स्ट्रीट पर दिखने की उम्मीद है। गिफ्ट निफ्टी (Gift Nifty ) एक शानदार गैप-अप ओपनिंग की ओर इशारा कर रहा है।
पिछले सप्ताह अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की तरफ से लगाए गए व्यापक ग्लोबल टैरिफ को असंवैधानिक करार देते हुए रद्द कर दिया। इस फैसले का ग्लोबल लेवल पर स्वागत हुआ। कोर्ट के इस फैसले से ट्रेड वॉर की आशंका कम हुई। हालांकि, राष्ट्रपति ट्रंप ने तुरंत एक कार्यकारी आदेश के जरिए ट्रेड एक्ट 1974 की धारा 122 का इस्तेमाल कर दिया। इसके तहत उन्होंने शुरुआत में 10% और बाद में इसे बढ़ाकर 15% का नया ग्लोबल टैरिफ लागू कर दिया है। यह इस कानून के तहत अनुमत अधिकतम सीमा है। ट्रंप के इस कदम के बावजूद बाजार ने सुप्रीम कोर्ट के फैसले को सकारात्मक रूप में लिया है। अमेरिकी और एशियाई बाजारों में तेजी का महौल बना हुआ है।
लिवलॉन्ग वेल्थ के फाउंडर हरिप्रसाद के. ने कहा, 'वैश्विक बाजारों से मिल रहे सकारात्मक संकेतों की वजह से हफ्ते की शुरुआत अच्छी हो सकती है, लेकिन इस तेजी के टिकाऊ रहने का फैसला इस बात पर होगा कि निफ्टी अपनी अहम रेजिस्टेंस लेवल को पार करके ऊपर टिका रह पाता है या नहीं। संस्थागत निवेशकों का लगातार सपोर्ट और मोमेंटम इंडिकेटर्स में सुधार ही यह तय करेगा कि यह उछाल बस एक छोटी रिकवरी है या फिर असल में लंबी तेजी की शुरुआत है।'
सोमवार को सेंसेक्स और निफ्टी की ओपनिंग से पहले गिफ्ट निफ्टी तेजी के साथ कारोबार कर रहा था। यह आज सुबह निफ्टी फ्यूचर्स के पिछले बंद लेवल से 167 अंकों की तेजी के साथ 25,750 के लेवल पर ट्रेड कर रहा था। इससे दलाल स्ट्रीट पर गैप-अप ओपनिंग होने की उम्मीद है।
वहीं, एशियाई बाजारों में भी तेजी का महौल बना हुआ है। साउथ कोरिया का Kospi 1.7% के उछाल के साथ अपने रिकॉर्ड लेवल पर पहुंच गया है। हालांकि चीन और जापान के बाजार छुट्टी के कारण बंद हैं। लेकिन निकेई फ्यूचर्स में बढ़त देखी जा रही है। पिछले शुक्रवार को भारतीय बाजार भी बढ़त के साथ बंद हुए थे। सेंसेक्स 316 अंक चढ़कर 82,814 पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 116 अंकों की बढ़त के साथ 25,571 के स्तर पर कारोबार की समाप्ति की थी।
इस कारोबारी सप्ताह वैश्विक संकेतों के साथ साथ घरेलू मोर्चे पर भी निवेशकों की कड़ी नजर रहेगी। ट्रंप टैरिफ के साथ-साथ भारत की GDP डेटा और मंथली डेरिवेटिव्स एक्सपायरी (F&O) मार्केट की दिशा तय करेंगे। अमेरिका में इकोनॉमिक ग्रोथ की रफ्तार धीमी दर्ज की गई। यह चौथी तिमाही में 1.4% रही, जो अनुमान से काफी कम है। वहीं, कोर PCE महंगाई दर 3% पर पहुंच गई है, जो चिंता का विषय हो सकती है।
हालांकि, भारत के नजरिए से कच्चे तेल की कीमतों ने राहत भरी खबर दी है। दरअसल, अमेरिका और ईरान के बीच परमाणु वार्ता के पॉजिटिव संकेतों के कारण ब्रेंट कूड गिरकर 71 डॉलर के करीब आ गया है। तेल की कीमतों में यह गिरावट भारतीय इकोनॉमी के लिए अच्छी खबर है। इससे इंपोर्ट बिल कम होगा और महंगाई पर कंट्रोल पाने में मदद मिलेगी।
ग्लोबल लेवल पर बढ़ी इस अनिश्चितता के बीच सुरक्षित निवेश की डिमांड फिर से बढ़ गई है। अंतराराष्ट्रीय बाजार में सोना 1.61% के उछाल के साथ $5,160 प्रति औंस के पार निकल गया है। वहीं, चांदी की कीमतों में 5% से ज्यादा की तेजी दर्ज की गई है। यह $86 प्रति औंस पर पहुंच गई।
डिस्क्लेमर: यह आर्टिकल केवल जानकारी के लिए है। ऊपर दिए गए विचार और सिफारिशें, व्यक्तिगत विश्लेषकों या ब्रोकिंग कंपनियों के हैं, न कि मिंट के। हम निवेशकों को सलाह देते हैं कि वे कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले प्रमाणित विशेषज्ञों से जांच करें।
Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.
Oops! Looks like you have exceeded the limit to bookmark the image. Remove some to bookmark this image.