Stock Market Outlook 23 March 2026: शेयर बाजार के लिए पिछला हफ्ता काफी उतार-चढ़ाव वाला रहा। पिछले सप्ताह बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स 30.96 अंक या 0.04% की गिरावट के साथ बंद हुआ, जबकि निफ्टी 50 इंडेक्स 36.6 अंक या 0.15% कमजोर होकर बंद हुआ। वहीं, पश्चिम एशिया में चल रहे तनाव और उसका असर कच्चे तेल की कीमतों पर पड़ने से निवेशकों के बीच इस सप्ताह भी सतर्कता का महौल रहने वाला है। एनालिस्ट्स का कहना है कि छुट्टियों की वजह से छोटे कारोबारी सप्ताह में यह मसला बाजार की दिशा तय करने में बड़ा फैक्टर साबित हो रहा है। इसके अलावा ग्लोबल मार्केट्स ट्रेंड, विदेशी निवेशकों की खरीद-बिक्री और रुपए-डॉलर का उतार-चढ़ाव भी शेयर बाजार की चाल पर असर डालेंगे।
रेलिगेयर ब्रोकिंग लिमिटेड के रिसर्च हेड (SVP) अजित मिश्रा ने कहा, “बाजार ने हफ्ते के आखिरी दिन लगभग स्थिर रहकर बंद हुआ, लेकिन मामूली नकारात्मकता देखने को मिली। निवेशकों में सतर्कता का महौल बना हुआ। पहले तीन दिन बाजार का माहौल अच्छा रहा और तेजी दिखी, मगर गुरुवार को आई जोरदार गिरावट ने सारी बढ़त खत्म कर दी। आखिरी दिन यानी शुक्रवार को भी जबरदस्त उतार-चढ़ाव देखने को मिला।”
अमेरिकी बाजार में जोरदार गिरावट
शुक्रवार को अमेरिकी शेयर बाजार यानी वॉल स्ट्रीट में जोरदार गिरावट दर्ज की गई। मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के कारण महंगाई की आशंकाएं तेज हो गई हैं। डाउ जोंस इंडस्ट्रियल एवरेज 0.96 प्रतिशत या 443.96 अंक टूटकर 45,577.47 पर बंद हुआ। नैस्डैक कंपोजिट में भारी गिरावट देखी गई। यह 2.01 प्रतिशत या 443.08 अंक लुढ़ककर 21,647.61 पर आ गया। वहीं, S&P 500 इंडेक्स 1.51 प्रतिशत या 100.01 अंक फिसलकर बंद हुआ।
एशियाई बाजारों में भी बड़ी गिरावट
सोमवार को एशियाई बाजारों में भारी गिरावट देखने को मिल रही है। जापान का निक्केई 2,539.33 अंक या 4.76% टूटकर 50,833.20 के स्तर पर कामकाज कर रहा था, जबकि टॉपिक्स 157.47 अंक या 4.36% की गिरावट के साथ 3,451.93 के लेवल पर ट्रेड कर रहा था। साउथ कोरिया के प्रमुख इंडेक्स कोस्पी में भी बड़ी गिरावट देखी जा रही है। यह 357.36 अंक या 6.18% लुढ़ककर 5,423.84 के लेवल पर कारोबार कर रहा है। वहीं, कोस्डैक 45.41 अंक या 3.91% टूटकर 1,116.11 के लेवल पर कारोबार कर रहा है।
GIFT Nifty 300 अंक टूटा
सोमवार, 23 मार्च के कारोबार में बड़ी गैप-डाउन ओपनिंग की आशंका जताई जा रही है। आज सुबह गिफ्ट निफ्टी 300 अंकों से ज्यादा की गिरावट के साथ ट्रेड कर रहा है। यह निफ्टी फ्यूचर्स के पिछले बंद स्तर से 307 अंक लुढ़ककर 22807 के लेवल पर आ गया। ऐसे में आज सेंसेक्स और निफ्टी में बड़ी गिरावट देखी जा सकती है।
डिस्क्लेमर: यह आर्टिकल केवल जानकारी के लिए है। ऊपर दिए गए विचार और सिफारिशें, व्यक्तिगत विश्लेषकों या ब्रोकिंग कंपनियों के हैं, न कि मिंट के। हम निवेशकों को सलाह देते हैं कि वे कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले प्रमाणित विशेषज्ञों से जांच करें।