
Stock Market Live Updates 5 March 2026: मिडिल ईस्ट में अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच छिड़ी जंग ने पूरे दुनिया को हिलाकर रख दिया है। दुनिया भर के बाजार लगातार टूट रहे हैं और भारतीय शेयर बाजार में भी जोरदार गिरावट जारी है। बुधवार, 4 मार्च को सेंसेक्स 1,122.66 अंक या 1.40% टूटकर 79,116.19 पर बंद हुआ। वहीं, निफ्टी 50 (Nifty50) में भी 385.20 अंक या 1.55% की बड़ी गिरावट देखी गई और यह 24,480.50 के लेवल पर बंद हुआ। लेकिन, गुरुवार के लिए ग्लोबल मार्केट्स सेंसेक्स और निफ्टी की गैप-अप ओपनिंग के संकेत दे रहे हैं। दरअसल, ईरान की तरफ से युद्ध विराम के लिए गुप्त रूप से की गई बातचीत की खबरों ने निवेशकों के बीच अनिश्चितता के डर को कुछ हद तक कम किया है।
शेयर बाजार में गुरुवार, 5 मार्च के लिए शुरुआती संकेत काफी सकारात्मक नजर आ रहे हैं। गिफ्ट निफ्टी (Gift Nifty) 156 अंकों की जोरदार तेजी के साथ 24,740 के लेवल पर ट्रेड कर रहा है। ऐसे में आज दलाल स्ट्रीट पर जमकर खरीदारी देखी जा सकती है।
गुरुवार को एशियाई बाजारों में जबरदस्त उछाल देखा गया। पिछले कई दिनों के नुकसान से रिकवरी करते हुए जापान का निक्केई 225 इंडेक्स 4% तक चढ़ गया, जबकि टॉपिक्स में 3.63% की तेजी रही। वहीं, दक्षिण कोरिया के कोस्पी 12% और कोस्डैक 11% से ज्यादा उछल गए। इसके अलावा, हॉन्गकॉन्ग के हैंग सेंग फ्यूचर्स भी पॉजिटिव शुरुआत की ओर इशारा कर रहे हैं।
अमेरिकी शेयर बाजार की बात करें, तो बुधवार को वॉल स्ट्रीट भी बढ़त के साथ बंद हुआ। कल की तेजी में टेक्नोलॉजी शेयरों में अपनी अहम भूमिका निभाई। डॉव जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 238 अंकों या 0.49% की मजबूती के साथ 48,739.41 के लेवल पर बंद हुआ , जबकि S&P 500 इंडेक्स 52.87 अंक या 0.78% चढ़कर 6,869.50 के लेवल पर बंद हुआ। वहीं, नैस्डैक कम्पोजिट 290.79 अंक या 1.29% मजबूत होकर 22,807.48 के लेवल पर बंद हुआ।
मिडिल ईस्ट में चल रहे संघर्ष के बीच युद्ध विराम की खबरें सामने आ रही हैं। खबरों के मुताबिक, ईरान की तरफ से एक दूसरे पर हमलों को रोकने के लिए गुप्त रूप से बातचीत की जा रही है। इसी बीच, अमेरिकी डिफेंस सेक्रेटरी पीट हेगसेथ ने इंटरनेशनल वॉटर्स में ईरान के एक युद्धपोत को डुबाने की पुष्टि की। इससे युद्ध तेज होने की आशंका बढ़ गई थी।
वहीं, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने फेडरल रिजर्व के नए चेयरमैन के रूप में केविन वॉर्श का आधिकारिक नामांकन किया है। केविन वॉर्श मौजूदा चेयरमैन जेरोम पॉवेल की जगह लेंगे। केविन वॉर्श को मौद्रिक नीति और ब्याज दरों को लेकर सख्त रुख अपनाने वाला माना जाता है। अमेरिकी फेड रिजर्व में यह बदलाव ग्लोबल इकोनॉमी के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इसका सीधा असर विदेशी निवेश और भारतीय रुपये पर पड़ेगा।
दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था चीन ने साल 2026 के लिए अपने विकास दर (GDP) का लक्ष्य घटाकर 4.5%-5% कर दिया है। यह 1991 के बाद से चीन का सबसे कम विकास दर का लक्ष्य है। हालांकि चीन का बजट घाटा अभी भी GDP के 4% पर बना हुआ है, लेकिन इकोनॉमी ग्रोथ की धीमी रफ्तार ग्लोबल डिमांड को प्रभावित कर सकती है।
ईरान युद्ध की आशंकाओं के बीच कच्चे तेल की कीमतों में आग लगी हुई है। ब्रेंट क्रूड 2.38% बढ़कर 83.34 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया है। अमेरिकी वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (WTI) कच्चे तेल के वायदा भाव में 2.60% की तेजी आई और यह 76.60 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। वहीं, अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना 0.5% बढ़कर 5,164.57 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया है, जबकि चांदी 0.5% चढ़कर 83.98 डॉलर प्रति औंस के भाव पर पहुंच गई।
डिस्क्लेमर: यह आर्टिकल केवल जानकारी के लिए है। ऊपर दिए गए विचार और सिफारिशें, व्यक्तिगत विश्लेषकों या ब्रोकिंग कंपनियों के हैं, न कि मिंट के। हम निवेशकों को सलाह देते हैं कि वे कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले प्रमाणित विशेषज्ञों से जांच करें।
Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.
Oops! Looks like you have exceeded the limit to bookmark the image. Remove some to bookmark this image.