
Stock Market Live Updates 2 Feb 2026: भारतीय शेयर बाजार में रविवार,1 फरवरी को बजट 2026 के दिन स्पेशल ट्रेडिंग सेशन का आयोजन किया गया था। इस दौरान सेंसेक्स और निफ्टी में भारी गिरावट देखने को मिली। रविवार को एक समय सेंसेक्स लगभग 2400 अंकों तक नीचे चला गया, जबकि निफ्टी में भी 2 प्रतिशत से ज्यादा की गिरावट आई थी। हालांकि, बाद में कुछ गिरावट में कुछ सुधार हुआ। अब निवेशकों की निगाहें आज के कारोबार पर टिकी हुई हैं। क्या आज कल के नुकसान की भरपाई हो पाएगी या अस्थिरता का दौर जारी रहेगा। बजट 2026 के प्रस्तावों में विशेष रूप से फ्यूचर्स एंड ऑप्शंस (F&O) पर सिक्योरिटीज ट्रांजैक्शन टैक्स (STT) में बढ़ोतरी ने मार्केट सेंटीमेंट को काफी प्रभावित किया है।
चॉइस ब्रोकिंग के मुताबिक, भारतीय शेयर बाजार आज यानी 2 फरवरी को फ्लैट से लेकर हल्की गिरावट के साथ खुलने की उम्मीद है। गिफ्ट निफ्टी अभी 24,820 के आसपास ट्रेड कर रहा है, जो पिछले बंद से करीब 33 अंक नीचे है। फिलहाल बाजार का मूड थोड़ा सतर्क बना हुआ है। घरेलू टेक्निकल संकेतक कुछ हद तक सपोर्ट दे रहे हैं। लेकिन असली दिशा ग्लोबल बाजारों, क्रूड ऑयल के दाम और विदेशी-घरेलू संस्थागत निवेशकों के फंड फ्लो से तय होगी।
सोमवार, 2 फरवरी को गिफ्ट निफ्टी हरे निशान में कामकाज शुरू होने का संकेत दे रहा है। यह NSE IX पर 49 अंकों की बढ़ोतरी के साथ 24,902 के लेवल पर ट्रेड कर रहा था।
भारतीय बाजार केवल घरेलू कारणों से ही नहीं, बल्कि ग्लोबल संकेतों से भी प्रभावित हो रहा है। अमेरिकी शेयर बाजार में शुक्रवार को गिरावट का रुख रहा, जिसका असर एशियाई बाजारों पर भी देखने को मिल रहा है। अमेरिका में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की तरफ से फेडरल रिजर्व के पूर्व गवर्नर केविन वार्श को नामित किए जाने के फैसले को निवेशक हॉकिश' मान रहे हैं। इसका मतलब है कि आने वाले समय में ब्याज दरों में कटौती की उम्मीदें कम हो सकती हैं। यह शेयर बाजार के लिए अच्छा संकेत नहीं है। शुक्रवार को वॉल स्ट्रीट के प्रमुख इंडेक्सों में गिरावट दर्ज की गई। डॉव जोन्स 179 अंक गिरकर बंद हुआ, जबकि नैस्डैक में 0.94% की बड़ी गिरावट रही। S&P 500 इंडेक्स भी लाल निशान में बंद हुआ।
बीते कल बजट प्रस्तावों और डॉलर की मजबूती के बीच सोने और चांदी की कीमतों में भारी गिरावट दर्ज की गई। MCX पर अप्रैल फ्यूचर्स सोने की कीमत में 4,242 रुपये प्रति 10 ग्राम की कमी आई। यानी यह लगभग 2.87% की गिरावट है। इसके साथ ही सोना 1,48,104 रुपये के स्तर पर पहुंच गया। वहीं, चांदी की स्थिति बेहद खराब चल रही है। मार्च फ्यूचर्स चांदी की कीमत में कल 9 प्रतिशत के लोअर सर्किट लगा। बीते कल यह ₹26,273 प्रति किलोग्राम की भारी गिरावट के साथ 2,65,652 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर बंद हुई।
Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.