Stock Market Live Updates: शेयर बाजार में मंगलवार को तेज करेक्शन देखने को मिला। सेंसेक्स 1066 अंकों की गिरावट के साथ बंद हुआ, जबकि निफ्टी 50 इंडेक्स 353 अंक टूटकर कारोबार की समाप्ति की। मार्केट एनालिस्ट्स का कहना है कि हालांकि इंट्राडे मार्केट की स्थिति कमजोर है, लेकिन इसमें ओवरसोल्ड स्थिति है। इसलिए निचले स्तरों से एक पुलबैक रैली की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता है।
निफ्टी आउटलुक
चॉइस ब्रोकिंग ने कहा, निफ्टी मंगलवार को पूरे दिन की बिकवाली का दबाव झेलता रहा। इंडेक्स ने 25,400 के महत्वपूर्ण सपोर्ट लेवल को तोड़ दिया और तेज गिरावट के साथ 25,171.50 के इंट्राडे लो को छू लिया। आखिर में यह 25,225 के आसपास बंद हुआ, जिससे बाजार में चल रहे करेक्शन की पुष्टि हुई। फिलहाल इमीडिएट रजिस्टेंस 25,350 से 25,400 के बीच बना हुआ है, जबकि अगला बड़ा सपोर्ट 25,050-25,100 के जोन में दिख रहा है। डेली RSI और नीचे गिरकर 29.34 पर आ पहुंचा है, जो मार्केट में बहुत कमजोर रफ्तार और आने वाले दिनों में और नीचे जाने की आशंका जता रहा है।
गिफ्ट निफ्टी में उछाल
गिफ्ट निफ्टी आज शेयर बाजार में पॉजिटिव शुरुआत का संकेत दे रहा है। यह निफ्टी फ्यूचर्स के पिछले बंद भाव से 38 अंकों के उछाल के साथ 25,297 के लेवल पर कामकाज कर रहा है। ऐसे में दलाल स्ट्रीट पर हरे निशान में कामकाज की शुरुआत होने की पूरी उम्मीद है।
लाल निशान में बंद हुआ अमेरिकी बाजार
अगर अमेरिकी बाजार की बात करें, तो मंगलवार को यहां गिरावट के साथ क्लोजिंग हुई। सभी तीन बेंचमार्क इंडेक्स तीन महीने के सबसे ज्यादा गिरावट के साथ बंद हुए। यह गिरावट राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की तरफ से नए टैरिफ खतरों की चिंताओं से व्यापक बिकवाली के कारण आई।
डॉव जॉन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 870.74 अंक या 1.76% लुढ़ककर 48,488.59 के लेवल पर बंद हुआ, जबकि S&P 500 इंडेक्स 143.15 अंकों या 2.06% की गिरावट के साथ 6,796.86 के लेवल पर बंद हुआ। इसके बाद नैस्डैक कम्पोजिट 561.07 अंक या 2.39% टूटकर 22,954.32 के स्तर पर बंद हुआ।