Stock Market Live Updates 19 Jan: शेयर बाजार शुक्रवार को मामूली बढ़त के साथ बंद हुआ। आईटी और बैंकिंग सेक्टर के अच्छे प्रदर्शन की वजह से बाजार में पॉजिटिव माहौल रहा। एनालिस्टों का कहना है कि आने वाले दिनों में मार्केट में ज्यादा उतार-चढ़ाव नहीं देखने को मिलेगा। यानी साइडवेज चलेगा। स्टॉक्स में मूवमेंट मुख्य रूप से कंपनियों के तिमाही नतीजों और ट्रेड से जुड़ी खबरों पर निर्भर रहेगा। इसके साथ ही, कोई भी भू-राजनीतिक तनाव बढ़ना बाजार के लिए बड़ा रिस्क बना रहेगा।
निफ्टी आउटलुक
चॉइस ब्रोकिंग के मुताबिक, पिछले हफ्ते निफ्टी के चार्ट पर एक स्पिनिंग टॉप कैंडल बना है, जो मार्केट में भारी अनिश्चितता और दिशा की कमी दिखाता है। पूरे हफ्ते इंडेक्स में तेज उतार-चढ़ाव के झटके देखने को मिले और 50-दिन के EMA के पास पहुंचते ही भारी बिकवाली का दबाव दिखा। ऊपर जाने की कोशिश हुई, लेकिन सप्लाई का जोर ज्यादा पड़ा।
डेली चार्ट पर निफ्टी 25,700 के अहम रेजिस्टेंस लेवल के नीचे बंद हुआ। इससे लगता है कि बाजार में थोड़ी कमजोरी आई है और ऊंचे स्तर पर मुनाफावसूली जोरों पर है। अभी इंडेक्स अपने 20-दिन और 50-दिन के EMA के नीचे ही बना हुआ है, लेकिन 200-दिन के EMA के ऊपर टिका हुआ है। यानी मिड टर्म में मार्केट का रुख अभी भी मिला-जुला लेकिन ज्यादातर पॉजिटिव ही है।
जब तक 200-दिन का EMA नहीं टूटता, लॉन्ग टर्म में बाजार का भरोसा कायम रहने की उम्मीद है। निफ्टी के लिए इमीडिएट रजिस्टेंस पहले 25,875 और इसके बाद 26,000 पर बना हुआ है, जबकि 25,600 और 25,450 पर सपोर्ट बना हुआ है। अगर 25,300 के नीचे गिरावट आई तो गिरावट तेज हो सकती है और करेक्शन और गहरा जा सकता है।
GIFT Nifty में 160 अंकों की गिरावट
सोमवार को गिफ्ट निफ्टी बाजार में निगेटिव ओपनिंग का संकेत दे रहा है। यह आज सुबह NSE IX पर निफ्टी फ्यूचर्स के पिछले बंद भाव से 160 अंकों की गिरावट के साथ 25,592 के लेवल पर कारोबार कर रहा है। इसका मतलब है कि सेंसेक्स और निफ्टी में गैप-डाउन ओपनिंग हो सकती है।
पिछले हफ्ते ऐसा रहा US मार्केट
अगर अमेरिकी शेयर बाजार की बात करें, तो यहां शुक्रवार को उतार-चढ़ाव के बाद लगभग फ्लैट क्लोजिंग हुई। लॉन्ग वीकेंड से पहले निवेशक सतर्क दिखे। तीनों इंडेक्स वीकली लॉस के साथ बंद हुए। डाउ जोन्स 83.11 अंक या 0.17% गिरकर 49,359.33 पर बंद हुआ। वहीं, S&P इंडेक्स 500 4.46 अंक या 0.06% लुढ़ककर 6,940.01 पर आ गया। इसके बाद नैस्डैक कंपोजिट 14.63 अंक या 0.06% टूटकर 23,515.39 पर बंद हुआ।