
Stock Market Outlook on 2 December: शेयर बाजार ने सोमवार को लगातार दूसरे दिन सुस्ती दिखाई। इसकी वजह से निवेशक सोच रहे हैं कि क्या रिकॉर्ड रैली पर अब ब्रेक लग गया है? निफ्टी और सेंसेक्स कल सापट स्तर पर बंद हुए। यह गिरावट किसी बड़ी निगेटिव खबर की वजह से नहीं, बल्कि मजबूत रैली के बाद मुनाफावसूली का नतीजा है। जब बाजार लगातार ऊपर चढ़ता है, तो निवेशक अपने मुनाफे को सुरक्षित करने के लिए शेयर बेचते हैं। इसी वजह से इंडेक्स में यह हल्की कमजोरी देखने को मिली है।
जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के रिसर्च हेड विनोद नायर ने सोमवार को कहा, 'शेयर बाजार ने नया रिकॉर्ड बनाया था, लेकिन उसके बाद अब तेजी पर ब्रेक लग गया है। बाजार अब एक रेंज में कारोबार कर रहा है। इसका मुख्य कारण ये है कि दूसरी तिमाही का GDP ग्रोथ अनुमान से काफी बेहतर आया है और रुपया भी तेजी से कमजोर हुआ है। इससे दिसंबर में RBI के ब्याज दरें घटाने की उम्मीदें लगभग खत्म सी हो गई हैं।
नवंबर में GST कलेक्शन भी उम्मीद से कम रहा, जिससे निवेशकों का मूड थोड़ा सतर्क हो गया है। कई सामानों पर GST दरें कम की गई थीं, इसलिए कलेक्शन घटा है। हालांकि इस सुस्ती के बीच ऑटो सेक्टर चमक रहा है। नवंबर में कार-बाइक की बिक्री शानदार रही। इसके पीछे GST दरें कम होना, महंगाई नरम रहना और वेडिंग सीजन में भारी डिमांड मुख्य वजहें हैं। लिहाजा, ऑटो इंडेक्स बाकी बाजार से कहीं बेहतर प्रदर्शन कर रहा है।
मंगलवार को गिफ्ट निफ्टी 26,332 के स्तर पर कारोबार कर रहा था। यह निफ्टी फ्यूचर्स के पिछले बंद भाव से लगभग 2 अंकों की मामूली गिरावट है। ऐसे में शेयर बाजार की शुरुआत लगभग सपाट रहने की उम्मीद है।
सोमवार को अमेरिकी बाजार में कमजोरी देखने को मिली। बीते कल डाउ जोंस और नैस्डैक दोनों ही लाल निशान में बंद हुए। डाउ जोंस 427.09 अंक या 0.90% की बड़ी गिरावट के साथ 47,289.33 पर बंद हुआ, जबकि S&P 500 इंडेक्स 36.46 अंक या 0.53% टूटकर 6,812.63 के स्तर पर बंद हुआ। इसके बाद नैस्डैक 89.76 अंक या 0.38% नीचे आकर 23,275.92 पर बंद हुआ।
सोमवार को सरकार ने जीएसटी कलेक्शन के आंकड़ें जारी कर दिए। नवंबर महीने में 0.7 प्रतिशत की मामूली बढ़ोतरी के साथ यह 1.70 लाख करोड़ रुपये रहा।
Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.