Stock Market Rally 8 April 2026: पश्चिम एशिया में जारी अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध के सीजफायर के ऐलान के बाद आज दुनिया भर के शेयरों में बंपर रैली देखी गई। इसका असर बुधवार को भारतीय शेयर बाजार में देखने को मिला। सेंसेक्स और निफ्टी 4% की जोरदार रैली के साथ कामकाज के लिए खुले। सेंसेक्स में लगभग 2800 अंकों का उछाल आया और यह 77,392 तक पहुंच गया। वहीं, निफ्टी 50 भी 800 अंक से ज्यादा चढ़कर 23,939 के स्तर पर पहुंच गया।
निवेशकों को 14 लाख करोड़ का मुनाफा
बुधवार, 8 अप्रैल को भारतीय शेयर बाजार खुलते ही निवेशकों एक झटके में 14 लाख करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ है। दरअसल, सेंसेक्स पर लिस्टेड सभी कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन 429 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर सीधा 443 लाख करोड़ रुपये हो गया।
TechM को छोड़कर सभी शेयरों में तूफानी तेजी
आज के कारोबार में सेंसेक्स पैक के 30 शेयरों में टेक महिंद्रा को छोड़कर सभी हरे निशान में ट्रेड कर रहे हैं। TechM के शेयरों में 1% से ज्यादा की गिरावट देख जा रही है। वहीं, सबसे अधिक उछाल इंडिगो के शेयरों ने दर्ज किया, ये 10% से ज्यादा की बढ़त के साथ कामकाज कर रहे हैं। वहीं, L&T और बजाज फाइनेंस के शेयरों में 7% से ज्यादा का उछाल देखा जा रहा है। इसके बाद अडानी पोर्ट और बजाज फिनसर्व में 6% से अधिक की तेजी आई है। इसके अलावा, अल्ट्राटेक सीमेंट के शेयरों में 5.5% की से अधिक की तूफानी तेजी देखी गई।
शेयर बाजार में क्यों आई तेजी?
जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स के चीफ इन्वेस्टमेंट स्ट्रैटजिस्ट वीके विजयकुमार ने कहा, "अमेरिका और ईरान के बीच दो हफ्ते के सीजफायर ने बाजार की नजदीकी तस्वीर पूरी तरह बदल दी है। सीजफायर के बाद ब्रेंट क्रूड की कीमत $95 तक गिरने से बाजार फिर से तेजी की ओर मुड़ गया है। खासतौर पर होर्मुज जलडमरूमध्य दोबारा खुलने के फैसले से बुल्स का जोश बढ़ गया है। साथ ही मौजूदा स्तरों पर बाजार के वैल्यूएशन भी उचित हैं, जो तेजी को और सपोर्ट कर रहे हैं।"
उन्होंने आगे कहा, "रुपया मजबूत होगा और इससे विदेशी पोर्टफोलियो निवेशक (FPI) खरीदार बन सकते हैं। कम से कम अब उनकी लगातार बिकवाली तो रुकनी ही चाहिए, क्योंकि मौजूदा स्थिति में यह बिकवाली बिल्कुल बेतुकी हो जाएगी। RBI आज पॉलिसी रेट में कोई बदलाव नहीं करेगा। यानी ब्याज दरें जस की तस रहेंगी। नीतिगत रुख भी न्यूट्रल ही रहेगा। अब महंगाई का ऊपरी जोखिम और विकास दर का निचला जोखिम, दोनों को अच्छी तरह संभाला जा सकता है।"
डिस्क्लेमर: यह आर्टिकल केवल जानकारी के लिए है। ऊपर दिए गए विचार और सिफारिशें, व्यक्तिगत विश्लेषकों या ब्रोकिंग कंपनियों के हैं, न कि मिंट के। हम निवेशकों को सलाह देते हैं कि वे कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले प्रमाणित विशेषज्ञों से जांच करें।